Ramgarh : मां की ममता का कोई मोल नहीं होता। मां जब दुनिया से विदा हो जाती हैं, तब उनका आंचल भले ही सिर पर नहीं रहता, लेकिन उनकी यादें जीवन के हर मोड़ पर साथ चलती हैं। कुछ ऐसा ही भावुक अवसर झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के पैतृक गांव नेमरा में देखने को मिला, जहां उन्होंने अपनी दिवंगत माता रूपी सोरेन की स्मृति में पारंपरिक रीति-रिवाजों का पूरी श्रद्धा के साथ निर्वहन किया। CM आज अपने पैतृक गांव नेमरा, रामगढ़ पहुंचे। यहां माता रूपी सोरेन के श्राद्ध कर्म संस्कार के सातवें दिन उन्होंने परंपरा के अनुसार विभिन्न रस्में निभायीं। इस दौरान दातून, पानी और भोजन परोसने की पारंपरिक रस्म पूरी की गयी। हर रस्म के साथ मां की स्मृतियां और परिवार की परंपराओं के प्रति सम्मान का भाव जुड़ा रहा।
मां की यादों के बीच निभाया कर्तव्य
जीवन में पद और प्रतिष्ठा चाहे कितनी भी बड़ी क्यों न हो, मां के सामने हर रिश्ता भावनाओं से जुड़ा होता है। CM हेमंत सोरेन के लिये भी यह अवसर अपनी दिवंगत मां के प्रति श्रद्धा व्यक्त करने और पारिवारिक परंपराओं को निभाने का था। श्राद्ध कर्म के इस अवसर पर परिवार के सदस्य और ग्रामीण भी मौजूद रहे। सभी ने दिवंगत रूपी सोरेन को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की और उन्हें नमन किया। CM हेमंत सोरेन ने अपनी मां की स्मृति को श्रद्धा के साथ संजोकर रखा है।









