Kohramlive : अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप ने खुद अपने कार्यकाल को मिडटर्म चुनाव का मुद्दा बनाया था। मतदाताओं से कहा था कि वे इन चुनावों को उनके शासन पर जनमत संग्रह की तरह देखें। लेकिन चुनावी नतीजों ने तस्वीर बदल दी। अमेरिका में डेमोक्रेटिक पार्टी की ऐसी लहर चली कि रिपब्लिकन पार्टी के कई मजबूत किले ढह गये। हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स से लेकर सीनेट तक डेमोक्रेट्स का दबदबा कायम होने का दावा किया जा रहा है। यह ट्रंप और उनकी पार्टी के लिये बड़ा राजनीतिक झटका माना जा रहा है। टेक्सास, कंसास, साउथ कैरोलिना और आयोवा जैसे पारंपरिक रिपब्लिकन गढ़ों में डेमोक्रेटिक पार्टी की जीत ने अमेरिकी राजनीति में नई बहस छेड़ दी है। टेक्सास में जीना हिनोजोसा की जीत को भी ऐतिहासिक बताया जा रहा है। इस चुनावी तस्वीर में कुछ चेहरे ऐसे रहे, जिन्होंने जीतकर इतिहास बनाया, तो कुछ बड़े नामों को जनता ने सत्ता के रास्ते से बाहर कर दिया।
चुनाव के 10 बड़े विजेता और हारने वाले चेहरे
1. डेमोक्रेटिक पार्टी: डेमोक्रेटिक पार्टी ने चुनाव में शानदार प्रदर्शन करते हुये कांग्रेस के दोनों सदनों में बढ़त हासिल की। मिडल अमेरिका और रस्ट बेल्ट में पार्टी की वापसी ने रिपब्लिकन खेमे की चिंता बढ़ा दी है। अब बजट, सरकारी नीतियों और प्रशासनिक जांच में डेमोक्रेट्स की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण होगी।
2. अब्दुल अल-सैयद: मिशिगन के 42 साल के चिकित्सक अब्दुल अल-सैयद की जीत को बड़ी उपलब्धि के रूप में पेश किया जा रहा है। उन्होंने रिपब्लिकन उम्मीदवार माइक रोजर्स को हराया। उनके समर्थक इसे अमेरिकी राजनीति में मुस्लिम प्रतिनिधित्व की बड़ी कामयाबी बता रहे हैं। यूनिवर्सल हेल्थकेयर और फलस्तीन के समर्थन में उनके विचार चुनाव में चर्चा का विषय रहे।
3. भारतीय-अमेरिकियों का बढ़ता राजनीतिक कदः अमेरिकी चुनाव में भारतीय मूल के नेताओं की सफलता भी चर्चा में रही। फ्लोरिडा से पिया डंडिया, वर्जीनिया से सुहास सुब्रमण्यम और मैरीलैंड से अरुणा मिलर की जीत को भारतीय-अमेरिकी समुदाय के बढ़ते राजनीतिक प्रभाव के तौर पर देखा जा रहा है।
4. ईरान को मिल सकती है रणनीतिक राहतः अमेरिकी संसद में डेमोक्रेट्स की मजबूत स्थिति ईरान के लिये राहत की उम्मीद पैदा कर सकती है। ट्रंप प्रशासन की मध्य पूर्व नीति, सैन्य गतिविधियों और नये प्रतिबंधों पर अब कांग्रेस में ज्यादा सवाल उठ सकते हैं।
5. भारत के लिये खुल सकते हैं कूटनीति के नये रास्तेः अमेरिका की बदली राजनीतिक परिस्थितियां भारत के लिये भी महत्वपूर्ण हो सकती हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि ट्रंप प्रशासन अपनी कमजोर होती राजनीतिक स्थिति के बीच व्यापारिक समझौतों को गति देने की कोशिश कर सकता है। इससे भारत को अपने आर्थिक और रणनीतिक हितों के लिए बेहतर बातचीत का अवसर मिल सकता है।
अब हारने वालों की भी सुनिये कहानी
1. डोनल्ड ट्रंप: अपने ही दांव में उलझे राष्ट्रपतिः ट्रंप ने चुनाव को अपने कार्यकाल की लोकप्रियता से जोड़ दिया था। ऐसे में नतीजे उनके लिये व्यक्तिगत और राजनीतिक झटका माने जा रहे हैं। संसद में बहुमत कमजोर होने से टैक्स सुधार, बजट और दूसरे विधायी एजेंडे को आगे बढ़ाना मुश्किल हो सकता है। विपक्ष अब उनके प्रशासन पर ज्यादा सख्ती से नजर रखेगा।
2. एलन मस्क: पैसा लगा, लेकिन सियासी दांव नहीं चलाः दुनिया के सबसे अमीर कारोबारी एलन मस्क ने अपने अमेरिका PAC के जरिये चुनाव में करीब 366 मिलियन डॉलर खर्च किये। इसके बावजूद कई रिपब्लिकन उम्मीदवारों को जीत नहीं मिली। अब डेमोक्रेट्स के मजबूत होने से मस्क के सरकारी अनुबंधों और कारोबारी हितों की जांच का दबाव बढ़ सकता है।
3. विवेक रामास्वामी: ट्रंप का समर्थन भी नहीं आया कामः ओहियो के गवर्नर पद के चुनाव में विवेक रामास्वामी को हार का सामना करना पड़ा। डेमोक्रेटिक उम्मीदवार एमी एक्टन ने उन्हें शिकस्त दी। इस नतीजे ने MAGA आंदोलन के इस युवा चेहरे की राजनीतिक संभावनाओं पर सवाल खड़े कर दिये हैं।
4. जे.डी. वेंस: 2028 की राह हुई मुश्किलः ट्रंप के संभावित राजनीतिक उत्तराधिकारी माने जाने वाले उपराष्ट्रपति जे.डी. वेंस के लिये भी ये नतीजे चुनौती बन सकते हैं। उनके गृह राज्य ओहियो में रिपब्लिकन उम्मीदवारों की हार ने उनकी राजनीतिक पकड़ को लेकर नई बहस छेड़ दी है।
5. इजरायल समर्थक लॉबी को झटकाः मिशिगन में अब्दुल अल-सैयद की जीत को डेमोक्रेटिक पार्टी के भीतर प्रोग्रेसिव विचारधारा की मजबूती के रूप में देखा जा रहा है। इजरायल समर्थक संगठनों के भारी चुनावी खर्च के बावजूद उनकी जीत ने अमेरिकी राजनीति में बदलते समीकरणों की ओर इशारा किया है।
6. पाकिस्तान की कूटनीति पर भी पड़ सकता है असरः पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ और सेना प्रमुख आसिम मुनीर के लिए भी अमेरिकी राजनीति का यह बदलाव अहम माना जा रहा है। ट्रंप प्रशासन के साथ उनके व्यक्तिगत संबंधों के जरिए कूटनीतिक प्रभाव बढ़ाने की रणनीति को अब डेमोक्रेटिक बहुमत वाली संसद में सवालों का सामना करना पड़ सकता है।
नोट: चुनाव परिणाम, उम्मीदवारों के पद, जीत और हार के दावों तथा 366 मिलियन डॉलर के खर्च सहित सभी आंकड़ों की पुष्टि Kohramlive.com नहीं करती है। यह खबर मीडिया रिपोर्ट पर आधारित है।









