Hazaribagh(Sunil Sahu) : हजारीबाग की सेहत को दुरुस्त रखने के लिये प्रशासन ने कमर कस ली है। DC शशि प्रकाश सिंह के निर्देश पर सोमवार को समाहरणालय सभाकक्ष में उप विकास आयुक्त इश्तियाक अहमद की अध्यक्षता में जिला स्वास्थ्य समिति की समीक्षा बैठक हुई। बैठक में स्वास्थ्य विभाग की योजनाओं और जमीनी हकीकत, दोनों की गहन पड़ताल की गई। DDC ने नियमित टीकाकरण, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, परिवार नियोजन, राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम, राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम, एनीमिया मुक्त भारत अभियान, कुष्ठ निवारण, 15वें वित्त आयोग से बने स्वास्थ्य उपकेंद्र, मुख्यमंत्री अस्पताल संचालन व रख-रखाव योजना, DMFT, सांसद–विधायक और सीएसआर फंड से हुये कार्य जैसे अहम बिंदुओं पर विस्तार से समीक्षा की। DDC ने इचाक, कटकमसांडी और पदमा प्रखंड में एनीमिया मुक्त भारत अभियान को लेकर विशेष अभियान चलाने, जमीनी स्तर पर असर दिखाने के निर्देश चिकित्सा अधिकारियों को दिये। वहीं, अबुआ स्वास्थ्य कार्ड एवं आयुष्मान भारत कार्ड के निर्माण में तेजी लाने और अधिक से अधिक लाभुकों को योजना से जोड़ने का निर्देश दिया गया।
एनसीडी, मलेरिया-फाइलेरिया पर सख्ती
एनसीडी स्क्रीनिंग में प्रगति बढ़ाने, नियमित मॉनिटरिंग, मलेरिया व फाइलेरिया मामलों का डेटा कैप्चर कर स्क्रीनिंग तेज करने पर विशेष जोर दिया गया। DDC ने निर्देश दिया कि स्कूल हेल्थ जांच कार्यक्रम में अन्य बीमारियों के साथ-साथ
टीबी की जांच भी अनिवार्य रूप से की जाये। इसी तरह राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत स्क्रीनिंग बढ़ाने, संस्थागत प्रसव में सुधार, शत-प्रतिशत टीकाकरण सुनिश्चित करने को लेकर स्पष्ट चेतावनी दी गई कि कोई लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। DDC ने सभी सीएचसी-पीएचसी में खराब बायोमेट्रिक मशीनें बदलने, बायोमेट्रिक उपस्थिति अनिवार्य करने और एम्बुलेंस सेवा, वैक्सीन प्रबंधन, ओपीडी संचालन, दवा और उपकरणों का बेहतर उपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिये। सभी एमओआईसी को हर सप्ताह समीक्षा बैठक करने योजनाओं की प्रगति की रिपोर्ट समय पर देने का निर्देश दिया गया। बैठक में सिविल सर्जन, डीपीएम, जिला यक्ष्मा पदाधिकारी, मलेरिया पदाधिकारी, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी सहित स्वास्थ्य विभाग के कई अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।




