Hazaribagh (Sunil Sahu) : हजारीबाग समाहरणालय सभागार में विकास की नब्ज टटोली गई। DC शशि प्रकाश सिंह के निर्देश पर आयोजित जिला स्तरीय परामर्शदात्री समिति सह जिला स्तरीय समीक्षा समिति की बैठक में योजनाओं की जमीनी हकीकत पर चर्चा हुई। बैठक की अध्यक्षता उप विकास आयुक्त ने की। बैठक में बैंक प्रतिनिधियों और विभागीय अधिकारियों के साथ केंद्र व राज्य सरकार की प्रमुख वित्तीय योजनाओं की गहन समीक्षा की गई। खासतौर पर प्रधानमंत्री मुद्रा योजना, पीएम सूक्ष्म खाद्य उद्यम उन्नयन योजना (PMFME), प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम, किसान क्रेडिट कार्ड (KCC), स्वयं सहायता समूहों का वित्त पोषण, प्रधानमंत्री जन-धन योजना, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, अटल पेंशन योजना, MSMI सेक्टर में ऋण प्रवाह, इन योजनाओं पर फोकस रहा।
बैंकों को सख्त संदेश
उप विकास आयुक्त ने दो टूक कहा कि एनुअल क्रेडिट प्लान की उपलब्धि 75% से कम नहीं होनी चाहिये, जिले का सीडी रेश्यो सुधारना प्राथमिकता में रखें। उन्होंने स्पष्ट किया कि आंकड़े अच्छे दिखें, इसके बजाय लाभ आम लोगों तक पहुंचे, यही असली कसौटी है। कृषि ऋण और केसीसी को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का निर्देश दिया गया। सभी लंबित आवेदनों का शीघ्र निष्पादन, क्रेडिट लिंकेज से जुड़े मामलों का त्वरित निपटारा एवं PMFME योजना के तहत अधिक आवेदन सृजित करने पर विशेष जोर देने को कहा गया। उप विकास आयुक्त ने बैंकों को अपने डेटा नियमित रूप से अपडेट रखने, विभागों के साथ बेहतर तालमेल बनाने एवं लक्ष्य हासिल करने के लिये गंभीरता से काम करने का निर्देश दिया। बैठक में एलडीएम, भारतीय रिजर्व बैंक के प्रतिनिधि, सभी बैंक शाखा प्रबंधक, बैंक कोऑर्डिनेटर एवं संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद थे।




