Ranchi : स्क्रीन के उस पार सैकड़ों चेहरे थे, कहीं गांव की चौपाल से, कहीं कस्बे के छोटे से कमरे से। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिये आज रांची जिला प्रशासन सीधे कॉमन सर्विस सेंटर (CSC) के विलेज लेवल एंटरप्रेन्योर्स (VLE) से जुड़ा। रांची के DC मंजूनाथ भजन्त्री का एजेंडा साफ था तकनीक, पारदर्शिता और जनता को त्वरित सेवा। DC ने कहा कि प्रज्ञा केंद्र डिजिटल भारत की रीढ़ हैं। उन्होंने VLE को निर्देश दिया किव प्रज्ञा केंद्रों को नई तकनीक से लैस करें, हाई-स्पीड इंटरनेट, डिजिटल पेमेंट, बायोमेट्रिक वेरिफिकेशन और 5G रेडी सिस्टम अपनायें, ताकि गांव और शहर दोनों जगह सरकारी सेवायें तेज, आसान और भरोसेमंद बन सकें।
बैठक में बताया गया कि प्रज्ञा केंद्रों के जरिये आधार अपडेट, पैन कार्ड, बिजली-पानी बिल भुगतान, ऑनलाइन आवेदन केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं की जानकारी अब सब कुछ एक ही छत के नीचे और कम समय में मिलेगा। DC मंजूनाथ भजन्त्री ने गर्व के साथ कहा कि गुजरे एक साल में 10 डिसमिल जमीन के दाखिल-खारिज से जुड़े बड़ी संख्या में लंबित मामलों का निष्पादन किया गया। भूमि से जुड़े अधिकतर मामले अब केवल वहीं अटके हैं, जहां न्यायालयीन विवाद चल रहा है। जन शिकायतों पर जिला प्रशासन ने खास फोकस किया है। प्रखंडवार और शहरी वार्डवार अबुआ व्हाट्सएप ग्रुप बनाये गये हैं, इनमें कर्मी, मुखिया, जिला परिषद सदस्य, वार्ड सदस्य, पत्रकार और आम नागरिक शिकायत आते ही उसे सीधे संबंधित अधिकारी तक भेजा जाता है। DC ने दो टूक कहा कि बिना कारण, जाति, आय, आवासीय प्रमाण पत्र, रिजेक्ट या तय समय से ज्यादा लंबित रखने पर कड़ी कार्रवाई होगी। वहीं, DC ने निर्देश दिया कि नये प्रज्ञा केंद्रों के आवेदनों का शीघ्र निष्पादन हो और आवेदकों को सूचना दी जाये।








