Ranchi : हल्द्वानी प्रकरण में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज FIR को लेकर झारखंड कांग्रेस ने भाजपा पर तीखा हमला बोला है। प्रदेश कांग्रेस कमिटी के प्रवक्ता विजय शंकर नायक ने FIR को राजनीतिक प्रतिशोध बताते हुये कहा कि इससे विपक्ष की आवाज दबाने की कोशिश की जा रही है। नायक ने कहा कि राहुल गांधी ने जाति और छुआछूत की मानसिकता पर सवाल उठाते हुये निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की थी। उन्होंने सवाल किया कि यदि भाजपा दलित सम्मान को लेकर गंभीर है तो कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की सभा के बाद कथित ‘शुद्धिकरण’ की घटना पर कार्रवाई क्यों नहीं हुई और राहुल गांधी पर ही FIR क्यों दर्ज की गई। कांग्रेस प्रवक्ता ने भाजपा और केंद्र सरकार से मामले में जवाब मांगते हुये कहा कि FIR और पुलिस की कार्रवाई से राहुल गांधी की आवाज दबने वाली नहीं है। कांग्रेस संविधान और सामाजिक न्याय की लड़ाई जारी रखेगी।
उन्होंने राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज FIR की निष्पक्ष समीक्षा तथा हल्द्वानी में खरगे की सभा के बाद हुये कथित ‘शुद्धिकरण’ मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की। नायक ने चेतावनी दी कि कार्रवाई नहीं हुई तो कांग्रेस अपना संघर्ष और तेज करेगी। विजय शंकर नायक ने कहा, “अभी तो ये कांग्रेसियों की अंगड़ाई है, आगे और लड़ाई है।”




