Ranchi : CM हेमंत सोरेन से रविवार को झारखंड की उभरती अंतरराष्ट्रीय फुटबॉलर और प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार से सम्मानित अनुष्का कुमारी ने CM आवास में शिष्टाचार भेंट की। CM ने अनुष्का को नववर्ष की बधाई देते हुये अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल में शानदार प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया और स्पोर्ट्स किट भेंट की। मुख्यमंत्री ने अनुष्का का हौसला बढ़ाते हुये कहा कि नया साल उनके खेल करियर के लिये निर्णायक हो और वे देश-दुनिया में झारखंड का नाम रोशन करें। उन्होंने राज्य सरकार की ओर से पूरा सहयोग देने का भरोसा भी दिया।
गौरतलब है कि बीते 30 दिसंबर को “मिट्टी के घर से मेडल तक, पर किस्मत की मारी अनुष्का… देखें वीडियो” शीर्षक से कोहरामलाइव डॉट कॉम में चली खबर के बाद सरकार हरकत में आई और बड़ा ऐलान करते हुये CM हेमंत सोरेन ने ओरमांझी प्रखंड के रुक्का गांव में खेल मैदान विकसित करने और अनुष्का के परिजनों को सरकारी योजनाओं से जोड़ने का निर्देश रांची जिला प्रशासन को दिया। उन्होंने कहा कि आर्थिक तंगी के कारण किसी खिलाड़ी की प्रतिभा दबने नहीं दी जायेगी। गौरतलब है कि संघर्ष भरे हालात से निकलकर अंतरराष्ट्रीय पहचान बनाने वाली अनुष्का को “द गोल मशीन” के नाम से जाना जाता है। वे मार्च 2026 में चीन में होने वाली एशियन अंडर-17 फुटबॉल प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी। इससे पहले वे भूटान में आयोजित सैफ अंडर-17 टूर्नामेंट की विजेता टीम की प्रमुख खिलाड़ी रहीं और प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट बनी थीं। फिलहाल अनुष्का हजारीबाग स्थित आवासीय बालिका फुटबॉल प्रशिक्षण केंद्र में प्रशिक्षण ले रही हैं और इस वर्ष दसवीं बोर्ड परीक्षा में शामिल होंगी।





