Ranchi : राजधानी रांची में आज CM हेमंत सोरेन योगदा सत्संग आश्रम की शांत फिजाओं के बीच पहुंचे। CM हेमंत सोरेन बहु बाजार, चुटिया स्थित योगदा सत्संग समिति ऑफ इंडिया के योगदा सत्संग आश्रम अपनी धर्मपत्नी कल्पना सोरेन के साथ पहुंचे। आश्रम पहुंचने पर मुख्यमंत्री ने स्वामी ईश्वरानंदजी और स्वामी निर्मलानंदजी से मुलाकात की और आश्रम की गतिविधियों से जुड़ी जानकारी ली। CM हेमंत सोरेन ने आश्रम में श्री श्री परमहंस योगानंदजी के कक्ष का अवलोकन किया। इसके साथ ही उन्होंने फोटो और पुस्तक गैलरी का भी भ्रमण किया। गैलरी में परमहंस योगानंदजी और उनके प्रमुख शिष्यों द्वारा रचित पुस्तकों के साथ विभिन्न प्रकाशित संदर्भों को संरक्षित किया गया है। यहां स्वामीजी से संबंधित डाक टिकट, पुराने फोटोग्राफ और उनके द्वारा इस्तेमाल की गई सामग्री भी सुरक्षित रखी गई है। CM ने इन संग्रहों को देखा और उनसे जुड़ी जानकारी प्राप्त की।
महसूस किया आध्यात्मिक सुकून
आश्रम भ्रमण के दौरान CM हेमंत सोरेन ने लीची वेदी, स्मृति मंदिर और ध्यान मंदिर का भी परिभ्रमण किया। उन्होंने ध्यान के लिये बनाये गये उद्यान और आश्रम परिसर का भी जायजा लिया। इस दौरान आश्रम की आध्यात्मिक परंपरा और विभिन्न स्थलों से जुड़ी जानकारी उन्हें दी गई। स्वामी ईश्वरानंदजी और स्वामी निर्मलानंदजी ने मुख्यमंत्री को योगदा सत्संग आश्रम की हालिया गतिविधियों और कार्यों से भी अवगत कराया। मुख्यमंत्री का आश्रम दौरा राजनीतिक गतिविधियों से अलग एक आध्यात्मिक वातावरण में हुआ। कुछ देर के इस भ्रमण में उन्होंने आश्रम की विरासत, साहित्य और ध्यान परंपरा से जुड़े स्थलों को करीब से देखा।






