Hazaribagh : सड़क पर थोड़ी सी लापरवाही किसी की जिंदगी पर भारी पड़ सकती है। तेज रफ्तार, बिना हेलमेट बाइक चलाना, सीट बेल्ट नहीं लगाना और ट्रैफिक नियमों की अनदेखी अक्सर हादसों की वजह बनती है। इसी खतरे को समझाने के लिये हजारीबाग पुलिस ने जागरूकता की अनूठी पहल की। बरही चौक पर स्कूली बच्चों ने नुक्कड़ नाटक के जरिये लोगों को सड़क सुरक्षा का पाठ पढ़ाया। हजारीबाग के पुलिस कप्तान अमन कुमार के निर्देश पर बरही SDPO और थानेदार की मौजूदगी में यह जागरूकता अभियान चलाया गया। इसमें स्कूली बच्चों के साथ स्थानीय लोग भी शामिल हुये। नुक्कड़ नाटक के माध्यम से लोगों को यातायात नियमों का पालन करने और सड़क पर सावधानी बरतने का संदेश दिया गया।
बच्चों ने समझाया, जिंदगी अनमोल है
नुक्कड़ नाटक के जरिये बताया गया कि हेलमेट पहनना, कार में सीट बेल्ट लगाना, निर्धारित गति से वाहन चलाना और यातायात संकेतों का पालन करना कितना जरूरी है। बच्चों की प्रस्तुति ने लोगों का ध्यान खींचा और उन्हें अपनी जिम्मेदारी का एहसास कराया। पुलिस की ओर से बताया गया कि आम लोगों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के लिये इस तरह के अभियान लगातार चलाये जा रहे हैं। इसका उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना और लोगों को सुरक्षित यातायात के प्रति जिम्मेदार बनाना है।









