Kohramlive : कर्नाटक के चित्रदुर्ग में हिरियुर के पास हुये भीषण ट्रक–बस हादसे ने हर किसी को झकझोर कर रख दिया। इस दर्दनाक दुर्घटना में 26 साल की मानसा और 23 साल की नव्या की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके साथ यात्रा कर रही उनकी दोस्त मिलाना बेतरह घायल हो गई। हादसे की खबर मिलते ही परिजनों और गांव में मातम पसर गया। मानसा हासन के चन्नरायपटना और नव्या मांड्या जिले के केआर पेट तालुक की रहने वाली थीं। दोनों बचपन की सहेलियां थीं। स्कूल से लेकर M.Tech तक साथ पढ़ाई की, वहीं, एक ही कंपनी में सॉफ्टवेयर इंजीनियर बनी। अलग-अलग विभागों में दोनों कार्यरत थी। दोनों की सगाई की तारीख भी एक ही दिन तय थी। क्रिसमस की छुट्टियों में मंदिर दर्शन के लिये निकली यह यात्रा उनकी जिंदगी की आखिरी यात्रा बन गई। हादसा उस वक्त हुआ जब तीनों युवतियां बेंगलुरु से सिगंदूर और मुरुदेश्वर मंदिर जा रही थीं। इस हादसे में बस चालक मोहम्मद रफीक की भी मौत हो गई, वहीं, कंडक्टर सादिक गंभीर रूप से घायल हैं और उनका इलाज चल रहा है। हादसे के बाद मौके पर पहुंची FSL टीम को जले हुये बोन सैंपल और अन्य अहम साक्ष्य मिले। शवों की स्थिति बहुत खराब होने के कारण पुलिस ने DNA जांच शुरू कर दी है। नमूनों को हुबली फॉरेंसिक लैब भेजा गया है। नव्या के भाई नागेश ने मीडिया से कहा कि जनवरी में सगाई और अप्रैल में शादी तय थी। क्रिसमस की छुट्टियों में मंदिर दर्शन के लिये गई थीं, लेकिन एक पल में सब कुछ खत्म हो गया। स्थानीय लोगों के अनुसार, नव्या और मानसा सिर्फ दोस्त नहीं थीं, बल्कि एक-दूसरे का संबल और प्रेरणा थीं।
![]()




