Giridih : गिरिडीह के खावा गांव में आधी रात हुई एक वारदात ने पूरे परिवार को उजाड़ दिया। घर के सामने 55 वर्षीय शुकर मंडल और उनकी बहू शीला देवी की टांगी से हमला कर हत्या कर दी गई। बताया जा रहा है कि जब हमलावर ने शुकर मंडल पर हमला किया, तब उनकी बहू उन्हें बचाने के लिये बीच में आ गईं। लेकिन अपने ससुर की जान बचाने की कोशिश में वह खुद भी हमले का शिकार हो गईं। एक ही परिवार के दो लोगों की हत्या से गांव में मातम और आक्रोश का माहौल है।
ससुर को बचाने दौड़ी बहू, हमलावर ने उसे भी नहीं छोड़ा
घटना पचम्बा थाना क्षेत्र के खावा गांव की है। मृतकों की पहचान शुकर मंडल (55) और उनकी बहू शीला देवी (पति जितेंद्र मंडल) के रूप में हुई है। परिजनों और ग्रामीणों के मुताबिक, मध्य रात्रि के बाद बासुदेव मंडल शुकर मंडल के घर में दाखिल हुआ था। किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद शुरू हुआ, जो देखते ही देखते घर के बाहर तक पहुंच गया।
आरोप है कि इसी दौरान बासुदेव मंडल ने टांगी से शुकर पर हमला कर दिया। ससुर को बचाने के लिये शीला देवी बीच में आईं, लेकिन हमलावर ने उन पर भी वार कर दिया। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। ग्रामीणों का कहना है कि दोनों के बीच पुराना विवाद था।
पुलिस पहुंची, लेकिन ग्रामीणों ने शव उठाने से रोका
दोहरी हत्या की सूचना पर एसपी डॉ. बिमल कुमार ने डीएसपी आरके राणा को तत्काल कार्रवाई का निर्देश दिया। इसके बाद थाना प्रभारी राजीव कुमार ने एसआई सोनू कुमार वर्मा और पुलिस टीम को घटनास्थल पर भेजा। पुलिस ने इलाके की घेराबंदी की, लेकिन आक्रोशित ग्रामीणों ने शव उठाने नहीं दिया। उनकी मांग थी कि वरीय पुलिस अधिकारी पहले मौके पर पहुंचें।
डीएसपी आरके राणा ने बताया कि खावा में एक अधेड़ व्यक्ति और उनकी बहू की हत्या हुई है। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।




