Ranchi : झारखंड में प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित गड़बड़ी को लेकर सियासत गरमा गई है। JPSC और JSSC की परीक्षाओं के मुद्दे पर भाजपा ने हेमंत सोरेन सरकार के खिलाफ मोर्चा खोलते हुये 48 घंटे का अल्टीमेटम दिया है। प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू और नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी के नेतृत्व में भाजपा सांसदों और विधायकों के प्रतिनिधिमंडल ने प्रोजेक्ट भवन में मुख्य सचिव अविनाश कुमार से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा।
BJP की तीन मांगें
CBI जांच: JPSC और JSSC की विभिन्न परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं की जांच CBI से कराने की मांग की गई है।
छात्रों की FIR रद्द: आंदोलन के दौरान छात्रों पर दर्ज मुकदमे तत्काल वापस लेने की मांग है। भाजपा का आरोप है कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन करने वाले छात्रों के खिलाफ कार्रवाई की गई। पार्टी ने सुप्रीम कोर्ट के आदेशों का हवाला भी दिया है।
तीन पूर्व सदस्यों की गिरफ्तारी: JPSC के पूर्व अध्यक्ष की गिरफ्तारी के बाद भाजपा ने अन्य तीन पूर्व सदस्यों को भी गिरफ्तार करने की मांग की है। पार्टी का तर्क है कि जांच में भूमिका सामने आने पर सभी के खिलाफ समान कार्रवाई होनी चाहिये।
48 घंटे बाद आंदोलन की चेतावनी
ज्ञापन सौंपने के बाद आदित्य साहू ने कहा कि सरकार को मांगों पर कार्रवाई के लिए 48 घंटे दिये गये हैं। तय समय में कदम नहीं उठाया गया तो भाजपा सरकार के खिलाफ आंदोलन शुरू करेगी।




