Jamshedpur : जमशेदपुर में सोमवार को भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच जमकर टकराव हुआ। बिष्टुपुर स्थित कांग्रेस मुख्यालय तिलक पुस्तकालय के बाहर दोनों पक्षों के बीच विवाद इतना बढ़ा कि पत्थरबाजी शुरू हो गई। इसमें 10 से अधिक लोगों के घायल होने की सूचना है। घायलों में भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष दिनेश कुमार और कांग्रेस के उपाध्यक्ष भी शामिल बताये जा रहे हैं। भाजपा महिला मोर्चा ने जेएनयू से जुड़े कथित यौन उत्पीड़न मामले को लेकर कांग्रेस मुख्यालय के बाहर प्रदर्शन का ऐलान किया था। भाजपा कार्यकर्ता सुबह जी टाउन क्लब मैदान में जुटे और वहां से तिलक पुस्तकालय पहुंचे। प्रदर्शन के दौरान दोनों दलों के कार्यकर्ताओं के बीच विवाद हो गया, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। दोनों पक्षों के बीच हुई पत्थरबाजी में कई लोगों के सिर में चोट लगने की सूचना है। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। फिलहाल विवाद शुरू होने की वजह और पथराव की शुरुआत किस ओर से हुई, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। घायलों की स्थिति और पुलिस की कार्रवाई को लेकर विस्तृत जानकारी का इंतजार है।











