Giridih : गिरिडीह के बेंगाबाद के पहाड़पुर गांव में प्रेम प्रसंग ने खूनी रूप ले लिया। 16 साल के किशोर की हत्या कर शव के तीन टुकड़े कर दिये गये। इसके बाद लाश को आरोपियों ने घर के पीछे जमीन में दफना दिया। गुरुवार को खोजबीन के दौरान इंसान का कटा पैर मिलने से तहलका मच गया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। दंडाधिकारी की मौजूदगी में जमीन की खुदाई कर शव बरामद किया गया। मृतक की पहचान बिहार के मोरियाडीह के मिथुन कुमार दास उर्फ कारू दास के रूप में हुई है। पुलिस पहाड़पुर के जगदीश दास, उसकी पत्नी और बेटी को कस्टडी में लेकर पूछताछ कर रही है।
एक साल से चल रहा था प्रेम प्रसंग
परिजनों के मुताबिक, मिथुन का आरोपी की बेटी से करीब एक साल से प्रेम प्रसंग था। इल्जाम है कि लड़की के बुलाने पर वह रविवार को पहाड़पुर पहुंचा था। इसके बाद उसकी हत्या कर दी गई। जांच में आरोपी के घर के अंदर खून के धब्बे मिलने की बात भी सामने आई है। बताया जा रहा है कि दफन शव के कुछ हिस्सों को जानवर खींचकर बाहर ले आये थे। घटना के बाद मृतक के परिजनों ने हंगामा किया और आरोपियों के साथ मारपीट भी की। पुलिस ने स्थिति संभालते हुये उन्हें हिरासत में लिया। SDPO के अनुसार, शुरुआती जांच में प्रेम प्रसंग में हत्या की बात सामने आई है। फॉरेंसिक टीम जांच कर रही है। हत्या में इस्तेमाल हथियार समेत अन्य साक्ष्य जुटाये जा रहे हैं।




