Ranchi : रांची के चर्चित जमीन कारोबारी और बिल्डर कमल भूषण हत्याकांड में सुप्रीम कोर्ट ने बड़ा फैसला सुनाया है। शीर्ष अदालत ने दोषी डब्लू कुजूर को झारखंड हाईकोर्ट से मिली जमानत रद्द कर दी है। वहीं, उसे 15 दिनों के भीतर ट्रायल कोर्ट के समक्ष आत्मसमर्पण करने का निर्देश दिया है। न्यायमूर्ति प्रशांत कुमार मिश्रा और न्यायमूर्ति एस. चंद्रशेखर की पीठ ने यह फैसला सुनाते हुये हाईकोर्ट के 20 जनवरी 2026 के आदेश को निरस्त कर दिया। यह मामला शिकायतकर्ता पवन कुमार आर्य की याचिका से जुड़ा है। उन्होंने हाईकोर्ट के उस आदेश को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी थी, जिसके तहत डब्लू कुजूर की सजा निलंबित कर उसे जमानत दी गयी थी। इससे पहले ट्रायल कोर्ट ने उसे भारतीय दंड संहिता की धारा 302 और 120बी के तहत दोषी ठहराते हुये आजीवन कारावास और 10 हजार रुपये जुर्माने की सजा सुनायी थी।
गवाह को धमकाने का मामला उठा
सुनवाई के दौरान सुप्रीम कोर्ट ने पाया कि हाईकोर्ट ने डब्लू कुजूर को जमानत देते समय उसके आपराधिक इतिहास और सत्र अदालत के निष्कर्षों पर पर्याप्त विचार नहीं किया था। शीर्ष अदालत के सामने यह आरोप भी रखा गया कि जमानत पर बाहर आने के बाद डब्लू कुजूर ने इस मामले के सरकारी गवाह मुनव्वर अफाक को कथित तौर पर धमकाया था। पीठ ने इन परिस्थितियों को गंभीरता से लिया। अदालत ने कहा कि हत्या जैसे गंभीर अपराध में केवल इस आधार पर सजा निलंबित नहीं की जा सकती कि दोषी ने खुद मुख्य हमलावर की भूमिका नहीं निभायी, बल्कि हत्या की साजिश में शामिल था। सुप्रीम कोर्ट के अनुसार, हाईकोर्ट ने सजा निलंबित कर जमानत देने का आदेश सामान्य तरीके से पारित किया था। सुप्रीम कोर्ट ने इन सभी परिस्थितियों को देखते हुये झारखंड हाईकोर्ट का जमानत आदेश रद्द कर दिया। डब्लू कुजूर को 15 दिनों के भीतर संबंधित ट्रायल कोर्ट के समक्ष आत्मसमर्पण करने का निर्देश दिया गया है। इस फैसले के बाद उसे फिर न्यायिक हिरासत में जाना होगा। सुप्रीम कोर्ट में याचिकाकर्ता पवन कुमार आर्य की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता अश्विनी कुमार सिंह और अधिवक्ता चंद्रभूषण प्रसाद ने पक्ष रखा। वहीं, प्रतिवादी की ओर से अधिवक्ता मधुस्मिता बोरा और चयान सरकार सहित अन्य वकील पेश हुये। गौरतलब है कि रांची के चर्चित जमीन कारोबारी कमल भूषण की 31 मई 2022 को रातू रोड के पास गोली मारकर हत्या कर दी गयी थी। इस मामले में सितंबर 2025 में सिविल कोर्ट ने राहुल कुजूर, डब्लू कुजूर और काविस अदनान को दोषी ठहराया था। डब्लू कुजूर को हत्या की साजिश में शामिल होने के आधार पर दोषी माना गया था।






