New Delhi : राजधानी दिल्ली में 10 अक्टूबर को हुये कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रदर्शन और नेताओं को हिरासत में लिये जाने का मामला अब और गरमा गया है। प्रदर्शन के बाद रविवार को दिल्ली पुलिस ने पहली बार आधिकारिक बयान जारी कर अपना पक्ष रखा। दिल्ली पुलिस मुख्यालय में आयोजित विशेष प्रेस कॉन्फ्रेंस में DCP PRO नेहा यादव ने कहा कि CJP को दिल्ली में प्रदर्शन की अनुमति नहीं थी और पार्टी ने कानून का पालन नहीं किया। वहीं, दूसरी ओर CJP ने प्रेस क्लब में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर केंद्र सरकार, दिल्ली पुलिस और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर गंभीर आरोप लगाये। इस तरह प्रदर्शन को लेकर पुलिस और पार्टी के दावे आमने-सामने आ गये हैं।
अभिजीत दीपके की दादी के निधन पर मदद की पेशकश का दावा
प्रेस कॉन्फ्रेंस में पुलिस ने अभिजीत दीपके की दादी के निधन का भी जिक्र किया। नेहा यादव के अनुसार, निधन की जानकारी मिलते ही पुलिस ने अभिजीत से संपर्क किया और संवेदना व्यक्त की। पुलिस का कहना है कि अभिजीत को भरोसा दिलाया गया था कि यदि वह घर जाना चाहते हैं, तो उनके लिये फ्लाइट या बस की व्यवस्था में सहायता की जा सकती है। जरूरत पड़ने पर उन्हें माता-पिता या परिवार के अन्य सदस्यों से बात कराने की पेशकश भी की गई। नेहा यादव के मुताबिक, पुलिस ने उन्हें किसी भी तरह की सहायता लेने के लिये कहा था, लेकिन अभिजीत दीपके ने मदद लेने से मना कर दिया। इससे पहले CJP ने प्रेस क्लब में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर अपने विरोध का पक्ष रखा। पार्टी के सह-संयोजक और प्रवक्ता आशुतोष रांका ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार, केंद्र सरकार और दिल्ली पुलिस पर कई गंभीर आरोप लगाये। रांका ने कहा कि पिछले 72 घंटों में देश में ऐसी घटनाएं हुई हैं, जिनकी किसी ने कल्पना भी नहीं की थी। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग अपनी जिम्मेदारी से पीछे हट रहा है और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार भारतीय जनता पार्टी को चुनाव में फायदा पहुंचाने के लिये काम कर रहे हैं।









