UP : यूपी में ग्राम पंचायत चुनाव को लेकर इलाहाबाद हाईकोर्ट ने बड़ा आदेश दिया है। अदालत ने तीन महीने के भीतर पंचायत चुनाव कराने का निर्देश दिया है। तब तक निवर्तमान ग्राम प्रधान प्रशासक के रूप में काम करते रहेंगे। बुधवार को न्यायमूर्ति अजीत कुमार और न्यायमूर्ति गरिमा प्रसाद की खंडपीठ ने प्रयागराज के इम्तियाज हुसैन और अन्य की याचिका पर सुनवाई की। याचिकाकर्ताओं ने समय पर चुनाव कराने की मांग की थी। अदालत ने शाम चार बजे खुली अदालत में फैसला सुनाया। हाईकोर्ट के आदेश के बाद राज्य सरकार और निर्वाचन आयोग को तीन महीने के भीतर चुनाव की प्रक्रिया पूरी करनी होगी। मतदाता सूची, चुनाव कार्यक्रम और अन्य तैयारियों को समयसीमा में पूरा करना अहम होगा। पंचायत चुनाव की तैयारी के तहत मतदाता सूची के पुनरीक्षण में 1,81,96,367 नये मतदाता जोड़े गये। वहीं, 1,41,76,809 अयोग्य मतदाताओं के नाम हटाये गये। इनमें मृत, विस्थापित और डुप्लीकेट मतदाता शामिल हैं। हटाये गये नामों में 53,67,410 डुप्लीकेट मतदाता बताये गये हैं। पुनरीक्षण के बाद पिछली सूची की तुलना में मतदाताओं की संख्या में 40,19,558 की बढ़ोतरी हुई है। अब हाईकोर्ट के आदेश के बाद पंचायत चुनाव की तैयारियों में तेजी आने की उम्मीद है।









