Ranchi : राजधानी रांची के सुखदेवनगर थाना क्षेत्र के नायक चौक हेसल स्थित दुर्गा पूजा पंडाल के पीछे एक जनरल स्टोर से पुलिस ने विभिन्न कंपनियों की 52 बोतल विदेशी शराब और बीयर बरामद की है। पुलिस ने दुकान संचालक अक्षय अनिल को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस के अनुसार, बीते 16 अक्टूबर की शाम रांची पुलिस कप्तान के निर्देश पर अवैध शराब, जुआ और असामाजिक गतिविधियों के संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि नायक चौक हेसल स्थित दुर्गा पूजा समिति के पंडाल के पीछे अवैध रूप से विदेशी शराब बेची जा रही है और वहां लोगों की भीड़ जुट रही है। सूचना मिलने के बाद सुखदेवनगर के थानेदार सुनील कुमार कुशवाहा के नेतृत्व में टीम गठित की गई। पुलिस जब देवी मंडप नायक चौक स्थित अक्षय जनरल स्टोर के पास पहुंची, तो वहां कई लोग जुटे थे। पुलिस की गाड़ी देखते ही वे भागने लगे। इसके बाद पुलिस ने दुकान में तलाशी ली। तलाशी के दौरान विभिन्न कंपनियों की कुल 52 बोतल शराब और बीयर बरामद हुई। दुकान संचालक अक्षय अनिल से शराब से संबंधित वैध कागजात मांगे गये, लेकिन वह कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका और न ही संतोषजनक जवाब दिया।
बीयर से लेकर विदेशी शराब तक बरामद
पुलिस ने बरामद शराब को विधिवत जब्त कर सीलबंद किया। जब्त सामग्री में गॉडफादर केन बीयर 24 पीस, टुबोर्ग केन बीयर 7 पीस, अल्ट्रामैक्स केन बीयर 10 पीस, I-CONIQ कंपनी की 180 एमएल की बोतल 8 पीस, B.P. कंपनी की 375 एमएल की बोतल 3 पीस शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, कुल 52 पीस शराब और बीयर बरामद की गई है। इस संबंध में सुखदेवनगर थाने में केस दर्ज किया गया है। टीम में थानेदार सुनील कुमार कुशवाहा, SI सचिन कुमार मिश्रा, ASI बिहारी महतो, आरक्षी मुन्ना लाल गुप्ता, चालक आरक्षी अनिल राम और अन्य सशस्त्र बल शामिल थे।








