Kohramlive : WhatsApp यूजर्स के लिये एक काम का फीचर आने वाला है। अब किसी को जन्मदिन की बधाई देनी हो, त्योहार की शुभकामनाएं भेजनी हों या जरूरी मैसेज याद दिलाना हो, तो बार-बार फोन खोलने की जरूरत नहीं पड़ेगी। WhatsApp में मैसेज शेड्यूल करने की सुविधा पर काम चल रहा है, जिससे यूजर्स पहले ही मैसेज भेजने का दिन और समय तय कर सकेंगे। फीचर ट्रैक करने वाले प्लेटफॉर्म WABetaInfo के मुताबिक, यह सुविधा Android बीटा ऐप के वर्जन 2.26.40.7 में कुछ यूजर्स के लिये उपलब्ध कराई जा रही है। हालांकि, अभी इसे सभी यूजर्स के लिए जारी नहीं किया गया है।
टेक्स्ट ही नहीं, फोटो-वीडियो भी कर सकेंगे शेड्यूल
इस फीचर की मदद से इंडिविजुअल चैट और ग्रुप चैट में मैसेज शेड्यूल किया जा सकेगा। टेक्स्ट के अलावा फोटो, वीडियो और लिंक भी तय समय पर भेजने का विकल्प मिल सकता है। यानी रात में ही सुबह का मैसेज तैयार कर दीजिये और भेजने का समय निर्धारित कर दीजिये।
कैसे शेड्यूल होगा WhatsApp मैसेज?
- रिपोर्ट के अनुसार, इसका तरीका काफी आसान हो सकता है।
- सबसे पहले WhatsApp पर संबंधित चैट या ग्रुप खोलें।
- अपना मैसेज टाइप करें या फोटो-वीडियो चुनें।
- सेंड बटन को कुछ देर दबाकर रखें।
- इसके बाद खुलने वाले विकल्प में तारीख और समय चुनें।
- निर्धारित समय के लिये मैसेज शेड्यूल कर दें।
- शेड्यूल मैसेज को डिलीट करने का भी विकल्प
- यूजर्स चैट की जानकारी वाले सेक्शन में जाकर शेड्यूल किये गये मैसेज देख और जरूरत पड़ने पर डिलीट कर सकेंगे। इससे गलती से शेड्यूल हुये या अब जरूरी नहीं रहे मैसेज को हटाना आसान होगा।
कब मिलेगा सभी यूजर्स को फीचर?
फिलहाल यह सुविधा बीटा वर्जन में टेस्टिंग के चरण में है। कंपनी की ओर से सभी यूजर्स के लिए इसकी आधिकारिक लॉन्च डेट की पुष्टि नहीं हुई है। टेस्टिंग के बाद इसे स्थिर वर्जन में जारी किया जा सकता है।









