Kohramlive : बेंगलुरु की इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर कंपनी Ather ने आखिरकार अपने नये इलेक्ट्रिक स्कूटर Konarc को बाजार में उतार दिया है। शुरुआती कीमत ₹99,999 (एक्स-शोरूम, बेंगलुरु) रखी गई है। कंपनी Konarc को कुल छह वेरिएंट में लाने की तैयारी में है, जिन्हें S-Line और Z-Line सीरीज में बांटा गया है। फिलहाल तीन S-Line मॉडल बाजार में उपलब्ध हैं—S 100 km, S 125 km और S 161 km।
Konarc S 100 km: कम बजट वालों का साथीः कीमत: ₹99,999। यह Konarc का बेस मॉडल है और सबसे सस्ता विकल्प भी। इसमें 2.1 kWh बैटरी दी गई है, जो कंपनी के मुताबिक IDC साइकिल के तहत 100 km तक की रेंज देती है। परफॉर्मेंस की बात करें तो इसमें 4 kW पीक पावर, 16 Nm पीक टॉर्क, 70 kmph टॉप स्पीड, 0-40 kmph में 5 सेकंड मिलता है। चार्जिंग के लिये 450W ऑनबोर्ड चार्जर दिया गया है। कंपनी के अनुसार 0 से 80 फीसदी चार्ज होने में करीब 4 घंटे लगते हैं। हालांकि, कम कीमत के साथ फीचर्स में भी कटौती है। इसमें 4.2-इंच LCD कंसोल तो है, लेकिन स्मार्टफोन कनेक्टिविटी, नेविगेशन, म्यूजिक कंट्रोल और कॉल/SMS अलर्ट जैसे कनेक्टेड फीचर्स नहीं मिलते। ब्रेकिंग में आगे और पीछे ड्रम ब्रेक दिये गये हैं। अगर आपका ज्यादातर सफर शहर के भीतर है और बजट करीब एक लाख रुपये है, तो यह मॉडल काम का हो सकता है।
Konarc S 125 km: कीमत और फीचर्स का सबसे सही मेलः कीमत: ₹1,21,999। यहीं से Konarc थोड़ा ज्यादा दिलचस्प हो जाता है। इस मॉडल में 2.7 kWh बैटरी मिलती है और कंपनी का दावा है कि IDC के अनुसार यह 125 km तक चल सकता है। पावर भी बढ़कर 4.7 kW हो जाती है। 0-40 kmph की रफ्तार पकड़ने में करीब 4.7 सेकंड लगते हैं, जबकि टॉप स्पीड 70 kmph ही है। 450W ऑनबोर्ड चार्जर से 0-80 फीसदी चार्ज होने में करीब 4 घंटे 30 मिनट लगते हैं। चाहें तो 450W ऑफबोर्ड चार्जर भी लिया जा सकता है, जिससे कुल चार्जिंग क्षमता 900W तक पहुंच जाती है। लेकिन असली मजा फीचर्स में है। इसमें बड़ा 7-इंच LCD कंसोल, स्मार्टफोन कनेक्टिविटी, टर्न-बाय-टर्न नेविगेशन, म्यूजिक कंट्रोल और कॉल/SMS अलर्ट मिलते हैं। इसके साथ Air Walk, Fall Safe, Find My Scooter, Theft Alert और रिमोट चार्जिंग स्टेटस जैसे फीचर्स भी दिये गये हैं। और हां, बेस मॉडल के मुकाबले आगे 220 mm डिस्क ब्रेक भी मिलता है। अगर आप करीब ₹1.20 लाख तक खर्च कर सकते हैं और रेंज के साथ अच्छे स्मार्ट फीचर्स भी चाहते हैं, तो यह वेरिएंट सबसे संतुलित नजर आता है।
Konarc S 161 km: लंबी दूरी वालों का असली खिलाड़ीः कीमत: ₹1,44,999। अगर आपका रोज का सफर लंबा है और बार-बार चार्जर ढूंढना पसंद नहीं, तो Konarc S 161 km आपके लिये बनाया गया लगता है। इसमें सबसे बड़ी 3.5 kWh बैटरी दी गई है, जो कंपनी के मुताबिक 161 km IDC रेंज देती है। हालांकि मोटर के मामले में यह S 125 km से ज्यादा ताकतवर नहीं है। पावर और टॉप स्पीड लगभग समान है। यहां चार्जिंग सिस्टम ज्यादा दमदार है। 450W ऑनबोर्ड और 450W ऑफबोर्ड चार्जर स्टैंडर्ड मिलते हैं। दोनों मिलकर 900W चार्जिंग क्षमता देते हैं और कंपनी के अनुसार 0-80 फीसदी चार्ज होने में करीब 3 घंटे 10 मिनट लगते हैं। फीचर्स में 7-इंच LCD कंसोल, स्मार्टफोन कनेक्टिविटी, नेविगेशन, म्यूजिक कंट्रोल, कॉल/SMS अलर्ट समेत S 125 km वाले ज्यादातर फीचर्स मिलते हैं। जिन लोगों का रोजाना रनिंग ज्यादा है और सबसे ज्यादा रेंज प्राथमिकता है, उनके लिये यह सबसे दमदार विकल्प है।




