Ranchi : झारखंड की धरती खनिज संपदा से भरी है और अब इसी धरती के खनन क्षेत्र को नई तकनीक का साथ देने की तैयारी है। इसी कड़ी में CM हेमंत सोरेन से आज खान एवं भूतत्व विभाग के सचिव अरवा राजकमल मिले। मुलाकात के दौरान अरवा राजकमल ने CM हेमंत सोरेन को 8 सितंबर को रांची के रेडिसन ब्लू होटल में आयोजित होने वाली एक दिवसीय राष्ट्रीय संगोष्ठी में शामिल होने के लिये न्योता दिया। मुख्यमंत्री से मुलाकात के दौरान विभाग से जुड़े कई आला अधिकारी भी मौजूद रहे। इनमें निदेशक खान राहुल कुमार सिन्हा, JEMCL के MD वरुण रंजन और निदेशक भूतत्व कुमार अमिताभ शामिल थे।
खनन में AI का कितना बड़ा रोल?
राष्ट्रीय संगोष्ठी का विषय है, “Application of Artificial Intelligence and Machine Learning in Geology and Mining”। यानी चर्चा उस तकनीक पर होगी, जो आने वाले समय में भू-विज्ञान और खनन के तौर-तरीकों को बदल सकती है। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और मशीन लर्निंग की मदद से खनिजों की पहचान, भूगर्भीय आंकड़ों के विश्लेषण और खनन से जुड़े कामों को ज्यादा आधुनिक और प्रभावी बनाने की संभावनाओं पर मंथन होगा। झारखंड जैसे खनिज प्रधान राज्य के लिये यह विषय खास मायने रखता है, क्योंकि यहां की अर्थव्यवस्था में खनन क्षेत्र की अहम भूमिका है। रांची में होने वाली इस राष्ट्रीय संगोष्ठी में खनन और भू-विज्ञान के क्षेत्र में तकनीक के बढ़ते इस्तेमाल पर विशेषज्ञ विचार साझा करेंगे।




