Kohramlive : सियासत की भीड़ में एक नया नाम जुड़ गया है। गुरुवार को मनीष ब्रह्मभट्ट ने ‘कॉकरोच जनता पार्टी-डेमोक्रेटिक’ नाम से नये राजनीतिक मंच के गठन का ऐलान किया। मंच की घोषणा के साथ ही उन्होंने साफ कर दिया कि यह किसी एक चेहरे के इर्द-गिर्द खड़ा किया गया संगठन नहीं होगा। ब्रह्मभट्ट ने कार्यकर्ताओं और स्वयंसेवकों से ऐसी राष्ट्रीय टीम तैयार करने की अपील की, जो पारदर्शी और लोकतांत्रिक तरीके से काम करे। उनका कहना था कि यह मंच किसी एक नेता की निजी टीम बनने के बजाय देशभर के लोगों की भागीदारी से आगे बढ़ना चाहिये।
‘देश की टीम बनाइये, केजरीवाल की नहीं’
ब्रह्मभट्ट के मुताबिक, नये संगठन का फोकस पारदर्शिता और जवाबदेही पर रहेगा। उनका कहना है कि संगठन से जुड़े महत्वपूर्ण फैसले सदस्यों की राय लेकर लोकतांत्रिक प्रक्रिया के तहत किये जायेंगे। उन्होंने उन लोगों से इस पहल से जुड़ने की अपील की, जो मानते हैं कि जवाबदेही सिर्फ सरकार की नहीं, बल्कि राजनीतिक संगठनों और उनकी टीम की भी होनी चाहिये। ब्रह्मभट्ट ने मंच के गठन की वजह बताते हुए कहा कि उन्होंने पहले भी संबंधित लोगों से आग्रह किया था कि इस पहल को किसी एक व्यक्ति या राजनीतिक हित तक सीमित नहीं किया जाये। उनके मुताबिक, यह देश का आंदोलन है और इसे लोकतांत्रिक तरीके से ‘देश की टीम’ के रूप में आगे बढ़ाया जाना चाहिये। उन्होंने कहा कि उनका मकसद इसे ‘केजरीवाल की टीम’ बनाना नहीं, बल्कि ऐसी राष्ट्रीय टीम तैयार करना है, जहां फैसले सामूहिक और लोकतांत्रिक तरीके से लिये जायें। ब्रह्मभट्ट ने आरोप लगाया कि इस दौरान स्वयंसेवकों से पर्याप्त सलाह नहीं ली गई और कुछ चुनिंदा लोगों को प्राथमिकता दी गई। उन्होंने दिल्ली में हुई एक स्वयंसेवक बैठक का जिक्र करते हुये दावा किया कि बैठक में शामिल लोगों के मोबाइल फोन ले लिये गये थे। उनके अनुसार, ऐसा बैठक की कार्यवाही रिकॉर्ड होने से रोकने के लिये किया गया। ब्रह्मभट्ट का कहना है कि अगर किसी आंदोलन का दावा राजनीतिक व्यवस्था में बदलाव और पारदर्शिता का है, तो उसकी आंतरिक प्रक्रिया भी उन्हीं सिद्धांतों के अनुरूप होनी चाहिये। उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य किसी एक राजनीतिक दल को निशाना बनाना नहीं है। उनके मुताबिक मंच भ्रष्टाचार और उस व्यवस्था के खिलाफ आवाज उठायेगा, जिसे उन्होंने ‘गटर सिस्टम’ कहा। उनका दावा है कि सत्ता में कोई भी दल हो या किसी राज्य में कोई भी सरकार, भ्रष्टाचार से जुड़े मुद्दों पर उनका संगठन सवाल उठायेगा और आम लोगों की आवाज बनने का प्रयास करेगा।
कैसे जुड़ेगा देशभर का आम आदमी?
ब्रह्मभट्ट ने बताया कि नये मंच से जुड़ने के लिये लोगों के सामने कई विकल्प होंगे। सोशल मीडिया, व्हाट्सऐप और मिस्ड कॉल समेत विभिन्न माध्यमों से नागरिकों और स्वयंसेवकों को जोड़ने की योजना है। उनका कहना है कि संगठन का विस्तार ऊपर से नीचे नहीं, बल्कि लोगों की भागीदारी के जरिये किया जायेगा। ‘कॉकरोच जनता पार्टी-डेमोक्रेटिक’ के ऐलान के साथ ब्रह्मभट्ट ने राजनीति में पारदर्शिता, जवाबदेही और लोकतांत्रिक भागीदारी को अपना आधार बताया है।




