Kohramlive : केरल-कर्नाटक बॉर्डर पर रूटीन चेकिंग के दौरान पुलिस के हाथ बड़ी कामयाबी लगी। थोल्पेट्टी में कर्नाटक की ओर से आ रही एक गाड़ी की तलाशी ली गई तो ड्राइवर की सीट के नीचे बने गुप्त खाने से 1.44 करोड़ रुपये कैश बरामद हुआ। थिरुनेल्ली पुलिस और जिला एंटी-नारकोटिक्स स्पेशल एक्शन फोर्स (DANSAF) की टीम ने कार्रवाई की। गाड़ी में सवार तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के मुताबिक गाड़ी को शक के आधार पर रोका गया। तलाशी के दौरान ड्राइवर की सीट के नीचे खास तौर पर बनाया गया एक गुप्त कंपार्टमेंट मिला। इसे खोलते ही पुलिस को कैश के बंडल मिले। गिनती की गई तो रकम ₹1,44,50,000 निकली।
तीन युवक गिरफ्तार
पुलिस ने मामले में कोझिकोड के वडकारा निवासी 20 साल के प्रभु राज, कन्नूर के पानूर निवासी 23 साल के स्वप्निल और महाराष्ट्र के 26 साल के राहुल को गिरफ्तार किया है। अब पुलिस की जांच इसी सवाल पर टिक गई है। इतनी बड़ी रकम कहां से आई? इसे कहां ले जाया जा रहा था? रकम किसे सौंपनी थी? पुलिस इन सवालों के जवाब तलाश रही है। इस बरामदगी के बाद पुलिस का ध्यान गाड़ियों में बनाये जा रहे गुप्त कंपार्टमेंट और मॉडिफिकेशन पर भी गया है। थोल्पेट्टी में चेकिंग और सख्त कर दी गई है। यह इलाका कर्नाटक से केरल में प्रवेश का प्रमुख सड़क मार्ग है।




