Kohramlive : जम्मू-कश्मीर में सुरक्षा एजेंसियां इन दिनों किसी भी संभावित खतरे को लेकर पूरी सतर्कता मोड में हैं। दिल्ली कार धमाके की जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ रही है, आतंकियों की साजिशों की परतें खुल रही हैं और उसके साथ ही जम्मू-कश्मीर में हाई अलर्ट और कड़ा हो गया है। जम्मू-श्रीनगर और जम्मू-पठानकोट हाईवे से लेकर रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और बाजारों तक सुरक्षा बल हर संदिग्ध गतिविधि पर कड़ी नजर रखे हुये हैं। शहर और सीमावर्ती इलाकों में पुलिस, सेना और BSF के संयुक्त तलाशी अभियान लगातार जारी हैं। रिंग रोड, गुज्जर नगर, डोगरा चौक, जानीपुर, छन्नी हिम्मत, कुंजवानी, हर बड़े पॉकेट में औचक नाके और वाहनों की सख्त जांच की जा रही है। बम निरोधक दस्ता और खोजी कुत्ते भी इस ऑपरेशन का हिस्सा हैं। पुंछ पुलिस ने आतंकियों की सूचना देने पर 5 लाख रुपये का इनाम घोषित किया है, जबकि घाटी में होटलों और रेस्टोरेंटों को अनिवार्य रूप से CCTV कैमरे लगाने और आगंतुकों का रिकॉर्ड रखने का आदेश जारी किया गया है। सुरक्षाबलों का कहना है कि यह सब नियमित सतर्कता का हिस्सा है, लेकिन दिल्ली धमाके के तार जम्मू-कश्मीर से जुड़ने के बाद सुरक्षा का दायरा और तेज कर दिया गया है। जम्मू रेलवे स्टेशन पर भी एक सप्ताह में दूसरी बार बड़े स्तर पर तलाशी अभियान चला। प्लेटफॉर्म, ट्रैक, पार्सल ऑफिस से लेकर ट्रेन तक को डॉग स्क्वॉड की मदद से खंगाला गया। कुल मिलाकर, जम्मू-कश्मीर इन दिनों अलर्ट पर है और सुरक्षा एजेंसियां इस कोशिश में जुटी हैं कि आतंकियों की कोई भी कोशिश सफलता के करीब न पहुंच पाये।
इसे भी पढ़ें : अवैध नर्सिंग होमों का काला साम्राज्य बेनकाब…




