Ormanjhi(Kuldeep/Amitabh) : राजधानी रांची से सटे ओरमांझी प्रखंड के कुच्चु गांव में जब सहनवाज अख्तर की मधुर आवाज गूंजी, “ऐ भगवा रंग सुन सुन झननारे”, तो हर भक्त झूम उठा। नव निर्मित जगदम्बा शिव संकट मोचन मंदिर में चल रहे शिव शक्ति हनुमत प्राण प्रतिष्ठा महायज्ञ के तहत मंगलवार की रात को आयोजित भक्ति संध्या श्रद्धा, संगीत और आस्था का संगम बन गई।राज्यसभा सांसद आदित्य प्रसाद साहू, पूर्व सांसद रामटहल चौधरी, और हजारों श्रद्धालु जब दीप प्रज्वलित कर इस भजन संध्या का आगाज किया, तब आसमान में एक अलग ही ऊर्जा फैली हुई थी। मंच पर सहनवाज अख्तर थीं, तो सामने श्रद्धालु तालियों की गूंज और हर हर महादेव के उद्घोष के साथ भाव-विभोर होकर झूम रहे थे। सांसद साहू ने कहा “भक्ति भाव जीवन का प्रकाश है। इससे मन शुद्ध होता है और सेवा की भावना जन्म लेती है।” मौके पर हजारीबाग सांसद मनीष जायसवाल, पूर्व विधायक रामकुमार पहान, पूर्व विधायक जीतु चरण राम सहित बड़ी संख्या में अन्य हस्तियां मौजूद थे।








