Ranchi : मां दुर्गा के स्वागत की तैयारी शुरू हो चुकी है। राजधानी रांची के बकरी बाजार में इस बार श्रद्धालुओं को भव्य और आकर्षक दुर्गा पूजा पंडाल देखने को मिलेगा। भारतीय युवक संघ की ओर से करीब एक करोड़ रुपये की लागत से तमिलनाडु के प्रसिद्ध वृहदेश्वर मंदिर की थीम पर पंडाल बनाया गया है। पंडाल की ऊंचाई करीब 50 फीट और चौड़ाई 45 फीट रखी गई है। इसके निर्माण में बांस, लकड़ी, नारियल और जूट के कपड़े का इस्तेमाल किया गया है। दीवारों पर देवी-देवताओं की आकर्षक प्रतिमाएं बनाई गई हैं, जो श्रद्धालुओं के लिये विशेष आकर्षण रहेंगी। दुर्गोत्सव के दौरान श्रद्धालुओं के बीच बूंदिया, हलवा और 56 भोग का प्रसाद वितरित किया जायेगा। मनोरंजन के लिये विभिन्न तरह के झूले लगाये जायेंगे। वहीं, खाने-पीने के शौकीनों के लिये फास्ट फूड की दुकानें भी सजेंगी। पंडाल के अंदर एक बार में करीब 200 श्रद्धालुओं के प्रवेश की व्यवस्था होगी। सुरक्षा और व्यवस्था बनाये रखने के लिये संघ के 145 सक्रिय सदस्य 24 घंटे मौजूद रहेंगे।
14 अक्टूबर को खुलेगा पट
आयोजन से जुड़ी जानकारी के अनुसार, श्रद्धालुओं के दर्शन के लिये पंडाल का पट 14 अक्टूबर को खोला जायेगा। वहीं, 21 अक्टूबर को मां दुर्गा की प्रतिमाओं का विसर्जन बड़ा तालाब में किया जायेगा। बकरी बाजार में इस बार भक्ति, भव्यता और उत्सव का अनूठा संगम देखने को मिलेगा। मां के दर्शन के साथ श्रद्धालु पंडाल की कलात्मक सजावट और मेले के माहौल का भी आनंद ले सकेंगे।









