Kohramlive : सोनीपत के खरखौदा में हाईवे पर गोलियों की गूंज से अफरा-तफरी मच गई। थाना कलां चौक के पास स्कॉर्पियो सवार बदमाशों ने कोर्ट पेशी पर जा रहे पिता-पुत्र को गोलियों से भून डाला। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। गांव गोपालपुर निवासी धर्मबीर सिंह (50) और उनका बेटा मोहित (25) सोनीपत अदालत में पेशी के लिए बाइक से जा रहे थे। रास्ते में स्कॉर्पियो सवार तीन बदमाशों ने उनकी बाइक को टक्कर मारी और फिर करीब 15 राउंड फायरिंग कर दी। गोलियां इतनी नजदीक से चलाई गईं कि मोहित के हेलमेट के आर-पार भी गोली निकल गई।
वारदात के बाद स्कॉर्पियो रेलिंग में फंस गई, तो हमलावर गाड़ी छोड़कर भाग निकले। रास्ते में उन्होंने एक व्यक्ति से बाइक लूट ली और फरार हो गये। पुलिस ने मौके से खाली कारतूस और स्कॉर्पियो बरामद कर ली है। मृतक के पिता बुधराम ने बताया कि मोहित पर 2020 में हुये नितिन सैनी हत्याकांड का केस चल रहा था। उसी रंजिश में नितिन सैनी के परिजनों ने अब यह वारदात की है। पिछले साल भी उन्होंने मोहित पर हमला किया था, जिसमें वह घायल हुआ था।
DCP (अपराध) नरेंद्र कादियान ने बताया कि दो आरोपियों की पहचान राहुल (खरखौदा) और मनीष (रोहतक) के रूप में हो चुकी है। पुलिस की पांच टीमें उनकी तलाश में छापेमारी कर रही हैं। इस डबल मर्डर से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी गिरफ्तार किये जायेंगे।








