Kohramlive : मोबाइल रिचार्ज महंगा होने से परेशान यूजर्स को Vodafone Idea (Vi) ने एक और झटका दिया है। कंपनी ने अपने 84 दिनों की वैलिडिटी वाले एक प्रीपेड प्लान की कीमत में ₹40 की बढ़ोतरी कर दी है। पहले इस प्लान के लिये ग्राहकों को ₹859 खर्च करने पड़ते थे, लेकिन अब इसकी कीमत बढ़कर ₹899 हो गई है। खास बात यह है कि कंपनी ने प्लान की कीमत तो बढ़ा दी है, लेकिन इसके फायदे पहले जैसे ही रखे हैं। यह Vi का 84 दिनों की वैलिडिटी वाला सबसे सस्ता प्लान बताया गया है, जिसमें 5G डेटा की सुविधा मिलती है। इस रिचार्ज में अनलिमिटेड कॉलिंग के साथ रोजाना डेटा, SMS और मनोरंजन से जुड़े अतिरिक्त फायदे भी दिये जाते हैं।
Vi के ₹899 वाले प्लान में क्या-क्या मिलेगा?
Vodafone Idea के इस प्रीपेड प्लान की वैलिडिटी 84 दिनों की है। इसमें ग्राहकों को रोजाना 1.5GB डेटा मिलता है। इसके अलावा अनलिमिटेड कॉलिंग और प्रतिदिन 100 SMS की सुविधा भी शामिल है। जैसे, कीमत: ₹899, वैलिडिटी: 84 दिन, डेली डेटा: 1.5GB, कॉलिंग: अनलिमिटेड, SMS: प्रतिदिन 100, 5G डेटा: उपलब्धता और पात्रता के अनुसार, फ्री नाइट डेटा: रात 12 बजे से सुबह 6 बजे तक, वीकेंड डेटा रोलओवर: सुविधा उपलब्ध, बैकअप डेटा: हर महीने 2GB तक, Vi ऐप के जरिए क्लेम करने की सुविधा, मनोरंजन: Vi Movies & TV ऐप का एक्सेस शामिल हैं। कंपनी के हवाले से मीडिया में आई खबर के मुताबिक, प्लान में मिलने वाले बेनिफिट्स में बदलाव नहीं किया गया है। ग्राहकों को अब उन्हीं सुविधाओं के लिए पहले से ₹40 अधिक खर्च करने होंगे। इस रिचार्ज प्लान का एक खास फायदा फ्री नाइट डेटा है। इसके तहत ग्राहक रात 12 बजे से सुबह 6 बजे के बीच डेटा का इस्तेमाल कर सकते हैं। इस अवधि में इस्तेमाल होने वाला डेटा रोजाना मिलने वाले 1.5GB डेटा कोटे से नहीं कटता। वहीं, वीकेंड डेटा रोलओवर की सुविधा भी दी जाती है। यानी तय शर्तों के अनुसार सप्ताह के दौरान बचा हुआ डेटा वीकेंड पर इस्तेमाल किया जा सकता है। कंपनी हर महीने 2GB तक बैकअप डेटा क्लेम करने का विकल्प भी देती है, जिसके लिये ग्राहकों को Vi ऐप का इस्तेमाल करना होगा। Vi के ₹899 वाले प्लान में Vi Movies & TV ऐप का एक्सेस भी शामिल है। इसके जरिये यूजर्स स्मार्टफोन और स्मार्ट टीवी पर फिल्में, टीवी शो और लाइव न्यूज स्ट्रीम कर सकते हैं।









