Ranchi : राजधानी रांची के सुखदेवनगर थाना क्षेत्र में बंद घर को निशाना बनाने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पहाड़ी मंदिर के बानों मंजिल रोड स्थित मकान से करीब 5 लाख रुपये के सामान चोरी हुये थे। पुलिस ने चोरी के सभी सामान बरामद करने का दावा किया है। पुलिस के मुताबिक, शकिला खातुन अपने पैतृक गांव बिहार के महुआ गई थीं। करीब एक महीने बाद लौटीं तो घर का ताला टूटा मिला। अंदर से कीमती सामान गायब थे। इसके बाद 9 अक्टूबर को सुखदेवनगर थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई। मामले की जांच में पुलिस ने आरीफ अंसारी उर्फ सूरज (23) को गिरफ्तार किया। उसकी निशानदेही पर चोरी का सामान बरामद किया गया। बरामद सामानों में गैस सिलेंडर, बैटरी, इन्वर्टर, लैपटॉप, घड़ी, आभूषण, कपड़े और बर्तन शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार किया है। उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस रिकॉर्ड में उसका पूर्व आपराधिक इतिहास नहीं मिला है।










