Ranchi : रांची में पढ़ाई का हब कहे जाने वाले इलाकों में रांची नगर निगम ने बुधवार को बड़ा अभियान चलाया। जांच में सुरक्षा मानकों और भवन उपनियमों का पालन नहीं करने पर हरिओम टावर स्थित पांच कोचिंग संस्थानों को सील कर दिया गया। सील किये गये संस्थानों में द पाठशाला, पतंजलि आईएएस एकेडमी, मोशन एकेडमी, क्लैट प्रिपरेशन और चैतन्या आईएएस एकेडमी शामिल हैं।
फायर NOC से लेकर निकास तक… कई खामियां मिलीं
नगर निगम की जांच में संस्थानों के संचालन में कई गंभीर अनियमितताएं सामने आईं। जांच के दौरान मुख्य रूप से फायर NOC का अभाव, पर्याप्त अग्नि सुरक्षा व्यवस्था नहीं, सुरक्षित प्रवेश और निकास की उचित व्यवस्था का अभाव, पर्याप्त वेंटिलेशन और जगह की कमी, वैध ट्रेड लाइसेंस के बिना संचालन जैसी कमियां पाई गई। इससे पहले अनियमितताएं मिलने के बाद रांची नगर निगम की राजस्व शाखा और नगर निवेशक शाखा की ओर से संबंधित संस्थानों को नोटिस जारी किया गया था। नोटिस में कमियां दूर करने और निर्धारित मानकों का पालन करने के लिये तीन दिनों का समय दिया गया था। नगर निगम के मुताबिक, समय सीमा खत्म होने के बाद भी सुधार नहीं किया गया। इसके बाद बुधवार को सीलिंग की कार्रवाई की गई।नगर निगम ने बताया कि कुल 18 कोचिंग संस्थानों के खिलाफ सीलिंग की प्रक्रिया शुरू की गई है। इनमें से पांच संस्थानों को बुधवार को सील किया गया। बाकी चिह्नित संस्थानों की भी जांच चल रही है और नियमों के मुताबिक आगे कार्रवाई की जायेगी।




