Ranchi : रांची रेलवे स्टेशन के बाहर से अगवा हुआ चार साल का मासूम आखिरकार सकुशल मिल गया। गुरुवार को गायब हुये बच्चे को चुटिया थाना पुलिस ने रविवार को साहिबगंज के तीनपहाड़ से बरामद कर लिया। मासूम अपने माता-पिता के साथ रांची आया था। परिवार को आगे छत्तीसगढ़ जाना था। इसी दौरान बच्चे की मां स्टेशन के बाहर निकलीं। इल्जाम है कि तीनपहाड़ के हाथीगढ़ निवासी रोहित मुखर्जी उर्फ डॉन बच्चे को लेकर फरार हो गया। परिजनों की शिकायत के बाद पुलिस ने जांच शुरू की। CCTV फुटेज ने पुलिस को पहली कड़ी दी। शनिवार को पुलिस ने रोहित मुखर्जी को धनबाद से दबोचा। पूछताछ में मिले सुराग के आधार पर पुलिस तीनपहाड़ पहुंची। रविवार सुबह तीनपहाड़ पुलिस की मदद से बाबूपाड़ा गांव में छापेमारी की गई। बिट्टू सिंह के घर से बच्चे को सकुशल बरामद कर लिया गया। मौके से बिट्टू सिंह और कयूम अंसारी पकड़े गये। इसके बाद राजमहल के जमादार शेख, तीनपहाड़ के तसबीर शेख और बाबूपुर के छोटू नोनिया को भी गिरफ्तार किया गया। पुलिस के मुताबिक, मामले में कुल छह आरोपियों की गिरफ्तारी हुई है। बच्चे को जल्द ही कागजी प्रक्रिया पूरी कर परिजनों के हवाले किया जायेगा।





