हमारी आंखों के सामने से कई सारी खबरें गुजरती हैं। इनमें से कुछ ऐसी अहम खबरें होती हैं, जिनका हमारे जीवन पर असर पड़ता है…
मोदी सरकार की सातवीं वर्षगांठ
भारतीय जनता पार्टी की नेतृत्व वाली राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन सरकार से सात साल पूरे हो रहे हैं. 30 मई रविवार को सरकार अपना कार्यकाल में एक कदम और बढ़ा लिया है. इसको लेकर बीजेपी इस दिन को सेवा दिवस के रुप में मनाने का फैसला लिया है. 30 मई को देशभर से पार्टी कार्यकर्ता विभिन्न सेवा कार्यों के माध्यम से आम जनता तक पहुंचेगी.
बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा करेंगे संबोधित
केंद्र में नरेंद्र मोदी सरकार के 7 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में बीजेपी ‘सेवा ही संगठन’ अभियान के तहत देश के लगभग एक लाख गांवों में कोविड से संबंधित विशेष राहत व बचाव अभियान चलाएगी.
आज से पंचायत स्तर पर कोरोना का टीकाकरण
साहिबगंज में 30 मई यानी रविवार से पंचायतवार कोरोना का टीका दिया जाएगा. इसको लेकर उप विकास आयुक्त प्रभात कुमार बरदियार ने जानकारी देते हुए बताया है कि कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए विभिन्न पंचायतों पर टीकाकरण केंद्र बनाए गए हैं. जहां दिनांक 30.05.2021 को कोविड-19 का टीका दिया जाएगा.
बारिश-तूफान को लेकर अलर्ट
अब यास बिहार और पूर्वी उत्तर प्रदेश की ओर बढ़ गया है. मौसम विभाग के मुताबिक चक्रवाती तूफान ‘यास’ का प्रभाव बिहार, झारखंड, आंध्र प्रदेश और उत्तर-पश्चिमी भारत के मैदानी इलाकों पर भी पड़ेगा. पूरे बिहार के लिए अलर्ट जारी किया गया है.
हिंदी पत्रकारिता दिवस आज
हिंदी पत्रकारिता के लिए 30 मई को बहुत अहम दिन माना जाता है. क्योंकि आज ही के दिन हिंदी भाषा में पहला समाचार पत्र “उदंत मार्तण्ड” का प्रकाशन हुआ था. पंडित जुगल किशोर शुक्ल ने 30 मई 1826 को इसे कलकत्ता से एक साप्ताहिक समाचार पत्र के तौर पर शुरू किया था. इस अवधि में कई समाचार-पत्र शुरू हुए, उनमें से कई बन्द भी हुए, लेकिन उस समय शुरू हुआ हिन्दी पत्रकारिता का यह सिलसिला बदस्तूर जारी है. लेकिन अब उद्देश्य पत्रकारिता से ज्यादा व्यावसायिक हो गया है.








