हमारी आंखों के सामने से कई सारी खबरें गुजरती हैं। इनमें से कुछ ऐसी अहम खबरें होती हैं, जिनका हमारे जीवन पर असर पड़ता है…

पीएम मोदी करेंगे केंद्रीय कैबिनेट की बैठक
भारत में गहराते कोरोना वायरस महामारी के संकट के बीच पीएम मोदी ने केंद्रीय मंत्रिमंडल की बैठक बुलाई है. सभी मंत्री वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में शिरकत करेंगे. कोरोना की वजह से मौजूदा हालात पर चर्चा करेंगे.

झारखंड में स्वास्थ्य सुरक्षा सप्ताह 2.0 का दूसरा दिन
कोरोना के बढ़ते संक्रमण के चलते राज्य सरकार ने स्वास्थ्य सुरक्षा सप्ताह बढ़ा दिया है. स्वास्थ्य सुरक्षा सप्ताह का आज दूसरा दिन है. पहले दिन तीन बजे के बाद सड़क पर कर्फ्यू जैसा नजारा दिखा था. सड़कों पर ट्रैफिक ना के बराबर थीं. वीआईपी सड़क मानी जाने वाली हरमू रोड पर भी लोग नहीं दिखे. घर से निकलने वाले लोगों को पुलिस समझाती नजर आई. कुछ लोग सिर्फ जरूरी काम से घरों से बाहर निकले. आवश्यक सेवा को छोड़कर बाजार में सभी दुकानें बंद रहीं.

रांची की वंदना टेटे करेंगी अमेरिका के विश्वविद्यालय में काव्य पाठ
झारखंड की आदिवासी कवयित्री वंदना टेटे को हार्वर्ड विश्वविद्यालय ने ‘पोएट्री एंड पेंट नाइट’ के कार्यक्रम में काव्यपाठ के लिए आमंत्रित किया है. इस अंतरराष्ट्रीय काव्यपाठ का आयोजन 30 अप्रैल 2021 को भारतीय समय के मुताबिक रात 10:30 से 11:30 बजे तक होगा. गूगल मीट द्वारा वर्चुअल आयोजित हो रहे इस काव्यपाठ में वंदना टेटे के अतिरिक्त और दो महिला कवियों को आमंत्रित किया गया है. जिनमें से एक दक्षिण भारत (चेन्नई) की दलित कवयित्री मीना कंडासामी हैं और दूसरी ढाका (बांग्लादेश) मूल की अल्पसंख्यक कवयित्री दिलरूबा अहमद हैं जो अमेरिका में बस गयी है. ‘पोएट्री एंड पेंट नाइट’ काव्यपाठ का आयोजन हार्वर्ड विश्वविद्यालय के हार्वर्ड साउथ एशियन एसोसिएशन द्वारा किया जा रहा है.

महाराष्ट्र में 15 मई तक बढ़ा लॉकडाउन
महाराष्ट्र सरकार ने लॉकडाउन जैसी पाबंदियों को 15 मई तक बढ़ा दिया, ताकि राज्य में कोरोना वायरस महामारी के प्रसार पर रोक लगाई जा सके.

राज्य के कई हिस्सों में हो सकती है बारिश
झारखंड के विभिन्न हिस्सों बारिश के आसार हैं. राज्य के उत्तर-पूर्वी, मध्य और दक्षिणी भाग में मेघ गर्जन के साथ हल्की बारिश हो सकती है. गुरुवार को भी राज्य के कई जिलों में बारिश हुई. इस दौरान 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलेगी.

आईपीएल 2021 का 26वां मुकाबला
आईपीएल 2021 का 26वां मुकाबला रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर और पंजाब किंग्स के बीच आज शाम 07:30 बजे से अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा. पंजाब ने इस सीजन में छह मैचों में अब तक केवल दो मैच ही जीते हैं, जबकि बैंगलोर ने छह मैचों में से पांच मैचों में जीत दर्ज की.










