हमारी आंखों के सामने से कई सारी खबरें गुजरती हैं। इनमें से कुछ ऐसी अहम खबरें होती हैं, जिनका हमारे जीवन पर असर पड़ता है…

किसान संगठनों का भारत बंद
कृषि कानून वापस लेने के लिए किसान संगठनों ने आज भारत बंद बुलाया है. कई राजनीतिक पार्टियों ने किसान संगठनों के भारत बंद को समर्थन दिया है. रांची, हजारीबाग, जमशेदपुर सहित कई जिलों में सीपीआई कार्यकर्ता केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन करेंगे. नक्सलियों ने भी भारत बंद को अपना समर्थन दिया है.

राजद का बिहार बंद
बिहार विधानसभा में मंगलवार को हुई घटना और विधानसभा घेराव के दौरान राजद कार्यकर्ताओं पर हुए लाठीचार्ज के विरोध में राजद ने आज बिहार बंद बुलाया है. तेजस्वी यादव कार्यकर्ताओं के साथ सड़क पर उतरेंगे और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के खिलाफ विरोध करेंगे.

आज जारी होगा बिहार बोर्ड इंटरमीडिएट का रिजल्ट
आज दोपहर तीन बजे बिहार बोर्ड इंटरमीडिएट का रिजल्ट जारी होगा. एक फरवरी से 13 फरवरी तक इंटरमीडिएट की परीक्षाएं आयोजित की गई थी. छात्र बिहार बोर्ड की वेबसाइट पर जाकर ऑनलाइन रिजल्ट देख सकते हैं.

बांग्लादेश दौरे पर प्रधानमंत्री मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज से दो दिनों के बांग्लादेश दौरे पर जा रहे हैं. कोरोना काल में मोदी का ये पहला विदेश दौरा है. बांग्लादेश की प्रधानमंत्री शेख हसीना और नरेंद्र मोदी के बीच वाणिज्यिक मामलों, जल प्रबंधन, सुरक्षा, रेल संपर्क, स्टार्ट अप और सीमा प्रबंधन जैसे मुद्दों पर चर्चा होगी.

भारत-इंग्लैंड दूसरा वनडे आज
भारत और इंग्लैंड के बीच आज दूसरा वनडे खेला जाएगा. टीम इंडिया पहला वनडे जीकर सीरीज में 1-0 की बढ़त बना चुकी है. श्रेयस अय्यर चोट की वजह से अगले दोनों वनडे से बाहर हो चुके हैं.










