हमारी आंखों के सामने से कई सारी खबरें गुजरती हैं। इनमें से कुछ ऐसी अहम खबरें होती हैं, जिनका हमारे जीवन पर असर पड़ता है…
- देवघर एम्स की ओपीडी का उद्घाटन
देवघर एम्स की ओपीडी का 26 जून यानी शनिवार को उद्घाटन होना है. यह उद्घाटन केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. हर्षवर्धन करेंगे. इसके लिए प्रशासन ने तैयारियां कर ली हैं. इधर, उद्घाटन कार्यक्रम में स्थानीय सांसद निशिकांत दूबे का नाम गायब होने से बीजेपी विधायक दल के नेता बाबूलाल मरांडी ने मुख्यमंत्री को चिठ्ठी लिखकर शिकायत की है.
- मोहरदा परियोजना पर नगर विकास विभाग के सचिव की बैठक
जमशेदपुर के बिरसानगर स्थित मोहरदा पेयजल आपूर्ति परियोजना के सुदृढ़ीकरण और परिचालन में आ रही बाधाओं को दूर करने के लिए नगर विकास एवं आवास विभाग के सचिव विनय कुमार चौबे ने शनिवार को बैठक बुलाई है. यह बैठक विधायक सरयू राय के पत्र के आलोक में बुलाई जा रही है.
- आज शुरू हो रहा वीकेंड लॉकडाउन
झारखंड में शनिवार शाम 4 बजे से झारखंड का वीकेंड लॉकडाउन शुरू हो रहा है. इसके तहत 28 जून सुबह 6 बजे तक तमाम दुकानें बंद रहेंगी. वीकेंड लॉकडाउन को सफल बनाने के लिए सभी जिलों के प्रशासन ने तैयारी पूरी कर ली है.
- रांची से आरा के लिए साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन
रांची-आरा-रांची साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन का परिचालन आज से शुरू किया जाएगा. 08640 रांची-आरा साप्ताहिक स्पेशल 26 जून से हर शनिवार को रांची से 21:05 बजे रवाना होगी. यह ट्रेन 23:20 बजे बोकारो स्टील सिटी, 01:23 बजे कोडरमा पहुंचेगी. ट्रेन में कुल 12 कोच रहेंगे.
- आज रात धनबाद-हावड़ा रूट पर ब्लॉक
धनबाद से हावड़ा के बीच वर्धमान स्टेशन से पहले खाना जंक्शन पर ओवरहेड तार मेंटेनेंस को लेकर रेलवे ने शनिवार रात 2.15 बजे से 3.15 बजे तक ट्रैफिक ब्लॉक लेने का निर्णय लिया है. इस दौरान धनबाद से हावड़ा के बीच यात्री ट्रेनों के प्रभावित होने की आशंका है. जोधपुर हावड़ा एक्सप्रेस आसनसोल में 30 मिनट के लिए रोकी जाएगी.
- नशीली दवाओं के दुरुपयोग और अवैध तस्करी के खिलाफ अंतरराष्ट्रीय दिवस
हर साल 26 जून को नशीली दवाओं के दुरुपयोग और अवैध तस्करी के खिलाफ अंतरराष्ट्रीय दिवस मनाया जाता है. यह दिन नशीली दवाओं के दुरुपयोग को समाप्त करने और उनकी अवैध तस्करी को रोकने के लिए समर्पित है. 7 दिसंबर 1987 को संयुक्त राष्ट्र महासभा ने इसे मनाने का निर्णय लिया था.
- किसान राजभवनों पर देंगे धरना
कृषि कानूनों के खिलाफ आंदोलन कर रहे किसान संघ 26 जून को देशभर में राजभवनों पर धरना देंगे.संयुक्त किसान मोर्चा ने कहा है कि वे 26 जून को अपने विरोध प्रदर्शन के दौरान काले झंडे दिखाएंगे और राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद को ज्ञापन भेजेंगे.
- दिल्ली में सुबह 10 से दोपहर 2 बजे तक तीन मेट्रो स्टेशन रहेंगे बंद
राजधानी दिल्ली में शनिवार को मेट्रो के तीन स्टेशन सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक बंद रहेंगे. दिल्ली मेट्रो कॉर्पोरेशन की तरफ से इसकी जानकारी साझा कर दी गई है. आज किसानों के प्रदर्शन को लेकर दिल्ली मेट्रो ने एहतियातन यह कदम उठाया है.
- महाराष्ट्र में भाजपा का प्रदर्शन
भाजपा आज ओबीसी कोटे के मुद्दे पर पूरे राज्य में प्रदर्शन करेगी. महासचिव पंकजा मुंडे ने ओबीसी मुद्दे को लेकर बीते दिन महाराष्ट्र सरकार पर निशाना साधा था. पंकजा मुंडे ने कहा कि महाराष्ट्र सरकार निकाय चुनाव में ओबीसी कोटा खत्म करने के लिए जिम्मेदार है. यह ओबीसी समुदाय के साथ अन्याय है.
- कोटकपुरा गोलीबारी में SIT ने सुखबीर बादल को किया तलब
कोटकपुरा गोलीबारी मामले की जांच कर रहे विशेष जांच दल ने पंजाब के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुखबीर बादल को 26 जून को तलब किया है. एसआईटी ने मंगलवार को पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल से भी पूछताछ की थी.






