हमारी आंखों के सामने से कई सारी खबरें गुजरती हैं। इनमें से कुछ ऐसी अहम खबरें होती हैं, जिनका हमारे जीवन पर असर पड़ता है…
आज झारखंड कैबिनेट की होगी बैठक
कोरोना महामारी के बीच आज झारखंड कैबिनेट की बैठक होगी. झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की अध्यक्षता में कैबिनेट की बैठक होगी. वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से होने वाली इस बैठक में सभी कैबिनेट मंत्री मौजूद रहेंगे. बताया जा रहा है कि कोरोना वायरस की संभावित तीसरी लहर को लेकर इस बैठक में चर्चा होगी. सीएम सभी मंत्रियों से कोरोना की तीसरी लहर की रोकथाम और इससे संबंधित उपायों पर विचार करेंगे.
झारखंड हाई कोर्ट में जमानत याचिकाओं पर सुनवाई
झारखंड हाई कोर्ट में कई जमानत याचिका पर सुनवाई होगी. जस्टिस राजेश कुमार की अदालत में विभिन्न मामलों में आरोपियों के दर्जनों जमानत याचिका सुनवाई के लिए सूचीबद्ध किया गया है.
झारखंड में तेज बारिश की संभावना
समुद्री तूफान यास अब अति भीषण रूप लेते जा रहा है. आज यह तूफान बंगाल की खाड़ी में बन जाएगा. जिसके बाद तेजी से पश्चिम बंगाल और ओडिशा के तटों की तरफ बढ़ेगा. इसे लेकर मौसम विभाग ने विशेष चेतावनी दी है. आज झारखंड, बिहार समेत पूर्वोत्तर राज्यों और आंध्र प्रदेश के तटों के अलावा केरल, तमिलनाडु, दक्षिण कर्नाटक में मध्यम से तेज वर्षा हो सकती है.
पूर्वी रेलवे ने आज से 29 मई तक 25 ट्रेनों को किया रद्द
भारतीय रेलवे ने सुरक्षात्मक कदम उठाते हुए कई ट्रेनों को कैंसिल कर दिया है. जानकारी के मुताबिक पूर्व रेलवे ने आज 24 मई से 29 मई के बीच चलने वाली करीब 25 ट्रेनों के संचालन को रद्द कर दिया है.
बिहार में लॉकडाउन बढ़ाने को लेकर होगा फैसला
सोमवार को क्राइसिस मैनेजमेंट ग्रुप की बैठक में बिहार में लॉकडाउन बढ़ाने पर फैसला होगा. कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों के बाद 5 मई को बिहार में लॉकडाउन की शुरुआत हुई थी. पहले फेज में 10 दिनों के लिए लॉकडाउन लगा और फिर दूसरी बार 10 दिनों के लिए लॉकडाउन 25 मई तक बढ़ाया गया. वहीं तीसरी बार मुख्यमंत्री ने जल्द फैसला लेने की बात कही है.
नारदा स्टिंग केस को लेकर कोलकाता हाई कोर्ट में होगी सुनवाई
नारदा स्टिंग ऑपरेशन मामले में गिरफ्तार नेताओं जमानत की अर्जी पर सोमवार को पांच सदस्यीय बड़ी पीठ में सुनवाई होगी. शुक्रवार को कलकत्ता उच्च न्यायालय के न्यायाधीशों में मतभेद दिखा था. इसके कारण कोर्ट ने गिरफ्तार नेताओं को घर में ही नजरबंद करने का आदेश दिया था.
अगला सीबीआई चीफ चुनने के लिए मीटिंग आज, पीएम मोदी भी होंगे शामिल
केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) के प्रमुख का पद मार्च महीने से ही रिक्त पड़ा है. सीबीआई चीफ पद से ऋषि कुमार शुक्ल के सेवानिवृत्त होने के बाद आज नए चीफ के लिए बैठक प्रस्तावित है. इस बैठक में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी भी शामिल हो सकते हैं. इस बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, सुप्रीम कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश एनवी रमना और लोकसभा में विपक्ष के नेता अधीर रंजन चौधरी शामिल होंगे.
विदेश मंत्री जयशंकर की पांच दिवसीय विदेश यात्रा
विदेश मंत्री एस जयशंकर 24 मई से लेकर 28 मई तक अमेरिका के दौरे पर रहेंगे. इस दौरान वो भारत और पड़ोसी देशों में ज्यादा से ज्यादा वैक्सीन की सप्लाई के लिए अमेरिका के साथ बातचीत करेंगे.












