हमारी आंखों के सामने से कई सारी खबरें गुजरती हैं। इनमें से कुछ ऐसी अहम खबरें होती हैं, जिनका हमारे जीवन पर असर पड़ता है…
- रांची में कांग्रेस विधायक दल की बैठक
रांची में गुरुवार को कांग्रेस विधायक दल की बैठक तय है. इस बैठक के हंगामेदार होने के आसार हैं. दिल्ली में आलाकमान से मुलाकात कर लौटे चार विधायकों के संगठन में बदलाव की मांग पर भी चर्चा हो सकती है.
- रांची के बड़ा तालाब मामले में झारखंड हाई कोर्ट में सुनवाई
रांची के बड़ा तालाब साफ-सफाई मामले में दायर जनहित याचिका पर गुरुवार को झारखंड हाई कोर्ट में सुनवाई होगी. चीफ जस्टिस डॉ. रवि रंजन और जस्टिस एसएन प्रसाद की अदालत में मामले को सुनवाई के लिए सूचीबद्ध किया गया है.
- झारखंड के कई जिलों में बारिश के आसार
झारखंड के कई जिलों में आज बारिश के आसार हैं. इससे पहले राज्य में इस मानसून में अच्छी बारिश हुई है. इस साल अभी तक प्रदेश में 219 मिलीमीटर बारिश हो चुकी है.
- पीएम मोदी के साथ सर्वदलीय बैठक आज
आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जम्मू कश्मीर के प्रमुख राजनीतिक दलों के साथ बैठक करेंगे. बैठक में 8 राजनीतिक दलों के 14 नेता भाग लेंगे. इसमें जम्मू-कश्मीर में चल रहे विकास कार्यों पर चर्चा होगी.
- टॉयकैथॅन-2021 के प्रतिभागियों से बात करेंगे पीएम मोदी
आज सुबह 11 बजे PM नरेंद्र मोदी टॉयकैथॅन-2021 के प्रतिभागियों से बातचीत करेंगे. यह आयोजन वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए होगा. टॉयकैथॅन-2021 का उद्देश्य भारत में खिलौना उद्योग को बढ़ावा देना है.
- अवमानना मामले में राहुल गांधी कोर्ट के समक्ष हो सकते हैं पेश
अवमानना के एक मामले में कांग्रेस नेता राहुल गांधी आज गुजरात की अदालत के समक्ष पेश हो सकते हैं. ‘मोदी उपनाम’ को लेकर की गई उनकी टिप्पणी के खिलाफ गुजरात के एक विधायक की ओर से दायर आपराधिक मानहानि मामले में उन्हें कोर्ट में पेश होना है.
- बिहार के यात्रियों के लिए आज से आठ जोड़ी स्पेशल ट्रेन शुरू
बिहार के यात्रियों के लिए पूर्व मध्य रेलवे के विभिन्न स्टेशनों से चलने वाली आठ जोड़ी स्पेशल यात्री ट्रेनों को गुरुवार से फिर से बहाल कर दिया है. इन ट्रेनों का परिचालन कोरोना संक्रमण के कारण रद्द कर दिया गया था..
- ज्येष्ठ पूर्णिमा व्रत आज
आज गुरुवार को ज्येष्ठ मास की पूर्णिमा है. इस दिन भगवान विष्णु और श्रीकृष्ण की पूजा का विधान है. ज्येष्ठ पूर्णिमा के दिन वट सावित्री व्रत पूजन करने की भी परंपरा है. यह व्रत मुख्य रूप से गुजरात, महाराष्ट्र, गोवा समेत दक्षिण भारत के कई इलाकों में रखा जाता है.
- बाबा बर्फानी की पवित्र गुफा की प्रथम पूजा आज
श्री अमरनाथ यात्रा के लिए गुरुवार को ज्येष्ठ पूर्णिमा पर पवित्र गुफा में प्रथम पूजा की जाएगी. इस बार कोविड महामारी के कारण अमरनाथ यात्रा को रद्द किया गया है, जिससे यात्रा की पारंपरिक पूजा अर्चना व अन्य आध्यात्मिक गतिविधियां सांकेतिक तौर पर की जाएंगी.
- Mi TV वेबकैम भारत में आज होगा लॉन्च
Mi TV वेबकैम को भारत में गुरुवार को लॉन्च किया जाएगा. ये जानकारी कंपनी की ओर से दी गई है. ऐसा इसलिए क्योंकि कोरोना की वजह से लोग घरों में हैं और वीडियो कॉल्स पर बातें ज्यादा की जा रहीं हैं.








