हमारी आंखों के सामने से कई सारी खबरें गुजरती हैं। इनमें से कुछ ऐसी अहम खबरें होती हैं, जिनका हमारे जीवन पर असर पड़ता है…

भारत और इंग्लैंड के बीच सीरीज का निर्णायक मुकाबला आज
दबाव की परिस्थितियों में इंग्लैंड से पार पाकर आत्मविश्वास से ओतप्रोत भारत शनिवार को यहां होने वाले पांचवें और अंतिम टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच में जीत दर्ज करके श्रृंखला अपने नाम करने के साथ विश्व कप के लिए अपनी मुख्य टीम का खाका तैयार करने की तरफ एक और मजबूत कदम आगे बढ़ाने की कोशिश करेगा।

विश्व गौरेया दिवस आज : घरौंदा छिनने से गुम हुआ राजधानी का राज्य पक्षी
कभी घर-आंगन में चहकने वाली गौरैया बेशक मौजूदा वक्त में कम नजर आती हो, लेकिन दिल्ली में अभी इसने प्रजनन क्षमता नहीं खोई है। राजधानी की राज्य पक्षी को अगर रहने के लिए प्राकृतिक घरौंदा मिल जाए तो वह दोबारा दिल्ली की शान बन सकती है।

झारखंड कांग्रेस आज मनाएगी स्मरणोत्सव दिवस
झारखंड कांग्रेस ने रामगढ़ अधिवेशन के 75वें वर्ष पूरे होने पर इसे स्मरणोत्सव दिवस के रूप में मनाने का निर्णय लिया है. आज कांग्रेस रामगढ़ में एक कार्यक्रम का आयोजन करेगी. जिसमें प्रदेश अध्यक्ष डॉ. रामेश्वर उरांव के अलावा सभी मंत्री, विधायक और पार्टी के कई कार्यकर्ता मौजूद रहेंगे. वहीं पांच राज्यों में हो रहे विधानसभा चुनाव के बाद रामगढ़ में बड़ी जनसभा का भी आयोजन किया जाएगा, जिसमें कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी को भी आमंत्रित किया जाएगा.

भाजपा प्रदेश चुनाव समिति की बैठक आज
रांची में भाजपा प्रदेश चुनाव समिति की बैठक होगी. मधुपुर उपचुनाव को लेकर चर्चा होगी. उम्मीदवार के नाम पर रायशुमारी की जाएगी. इसमें पार्टी के कई आला नेता समेत कई पदाधिकारी शामिल रहेंगे.
आज से टीकाकरण अभियान शुरू करने की कवायद
रांची में टीकाकरण अभियान में गति लाने के लिए स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने राज्य के सभी सिविल सर्जनों को पत्र लिखते हुए दिशा निर्देश दिया है. आज से राज्य के सभी पंचायत भवनों में कोल्ड चेन, पर्याप्त जगह, प्रशिक्षित टीकाकर्मी, एईएफआई प्रोटोकॉल की व्यवस्था की जाए ताकि आज से टीकाकरण अभियान का शुरुआत की जा सके. इसके लिए अधिकारियों को माइक्रो प्लान तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं.









