Bihar : बिहार पुलिस में लापरवाही पर बड़ा एक्शन हुआ है। गया में दो दारोगा समेत 14 पुलिसकर्मी निलंबित कर दिये गये। गया SSP सुशील कुमार ने यह कार्रवाई ड्यूटी से गैरहाजिर मिलने पर की। पुलिस केंद्र में औचक जांच के दौरान कई पुलिसकर्मी ड्यूटी से गायब मिले। जांच में पता चला कि वे छुट्टी पर गये थे, लेकिन तय समय पर वापस योगदान नहीं दिया था। इसे गंभीर लापरवाही मानते हुये SSP ने सभी को सस्पेंड कर दिया। SSP ने पुलिस पदाधिकारियों और जवानों को कर्तव्य के प्रति अनुशासित और सजग रहने की चेतावनी दी है। उन्होंने साफ कहा कि ड्यूटी में ऐसी लापरवाही पर आगे भी सख्त कार्रवाई होगी।
जहानाबाद में थानेदार भी निलंबित
उधर, मगध रेंज के IG विकास वैभव ने जहानाबाद के कड़ौना थानाध्यक्ष को भी तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। उन पर पद के दुरुपयोग और अनुशासनहीन आचरण के आरोप हैं। इल्जाम है कि जमीन विवाद के मामले में उन्होंने गया के बांकेबाजार थानाध्यक्ष से अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया। साथ ही एक पक्ष के दबाव में एकपक्षीय हस्तक्षेप और पद के दुरुपयोग का मामला सामने आया था। बांकेबाजार थानाध्यक्ष के पत्राचार के बाद मामला SSP के जरिये IG तक पहुंचा। जांच के बाद IG ने कड़ौना थानाध्यक्ष पर कार्रवाई की।
आज दिनांक 02.09.2026 को वरीय पुलिस अधीक्षक, गया द्वारा पुलिस केन्द्र, गया में की गई जाँच के दौरान निर्धारित समय पर अवकाश से वापस ड्यूटी पर योगदान नहीं देने के मामले में 02 पुलिस अवर निरीक्षक एवं 12 सिपाहियों सहित कुल 14 पुलिसकर्मियों को निलंबित किया गया।(1/2)
— GAYA POLICE (गया (बिहार) पुलिस ) (@GAYAPOLICEBIHAR) September 2, 2026




