हमारी आंखों के सामने से कई सारी खबरें गुजरती हैं। इनमें से कुछ ऐसी अहम खबरें होती हैं, जिनका हमारे जीवन पर असर पड़ता है…

दफ्तरों में मास्क लगाना अनिवार्य
सरकार ने 8 अप्रैल से सभी दफ्तरों में मास्क लगाना अनिवार्य कर दिया है. मास्क नहीं लगाने पर जुर्माने के साथ-साथ होगी कड़ी कार्रवाई. प्रशासन ने लोगों को कड़ाई से गाइडलाइन का पालन करने की भी हिदायत दी है.

स्कूल आज से फिर बंद
झारखंड में कोरोना के मरीज फिर बढ़ने लगे हैं. इसको देखते हुए सरकार ने पाबंदियां लगा दी हैं. आपदा प्रबंधन विभाग ने मंगलवार को इससे संबंधित गाइडलाइन जारी कर दी है. इसके मुताबिक 30 अप्रैल तक स्कूल बंद कर दिए गए हैं. हालांकि बोर्ड परीक्षा देने वाले 10वीं और 12वीं के छात्र अभिभावक की अनुमति से स्कूल जा सकेंगे.

रात आठ बजे से दुकान, प्रतिष्ठान बंद हो जाएंगे
कोरोना संक्रमण के तेजी से फैलाव के बाद राज्य सरकार ने कड़े एहतियाती कदम उठाना शुरू कर दिए हैं. इसको लेकर गाइडलाइन जारी की गई है. इसके तहत 8 अप्रैल से रात 8 बजे से सुबह 06 बजे तक दुकान, प्रतिष्ठान, रेस्टोरेंट बंद रहेंगे.

बारहवीं की प्रैक्टिकल परीक्षाएं आज से
एमएलए वुमन कॉलेज लोहरदगा में झारखंड अधिविध परिषद की ओर से गुरुवार से 12वीं की प्रैक्टिकल परीक्षाएं शुरू कराई जाएंगी. कोविड के कारण ऑफलाइन कक्षाएं बंद कर दी गईं हैं. प्रिंसिपल स्नेह कुमार ने बताया कि आठ अप्रैल को भूगोल की प्रैक्टिकल परीक्षा दो पालियों में होगी.

गोड्डा से नई दिल्ली के लिए आज से हमसफर
गोड्डा के साथ दुमका जिले के यात्रियों के लिए सीधे नई दिल्ली के लिए गुरुवार से हमसफर की शुरुआत की जा रही है. गुरुवार से हंसडीहा-भागलपुर के रास्ते गोड्डा से नई दिल्ली के बीच पहली बार यह ट्रेन चलेगी. गोड्डा-आनंद विहार हमसफर स्पेशल ट्रेन आठ अप्रैल से 02307 हमसफर स्पेशल नाम से दोपहर तीन बजे गोड्डा से खुलेगी, यह ट्रेन दोपहर 3.57 बजे हंसडीहा आएगी. 30 मिनट के स्टॉपेज के बाद 4.27 में अपने गंतव्य के लिए रवाना होगी.

प. सिंहभूम के कुमारमुंडा, नंदपुर में टीकाकरण
प. सिंहभूम के मनोहरपुर प्रखंड में 45 वर्ष से अधिक आयु के लोगों को पंचायतवार कोविड-19 टीका लगाने के अभियान की गुरुवार से शुरुआत हो रही है. आज कुमारमुंडा स्थित प्राथमिक विद्यालय, नंदपुर पंचायत भवन, प्राथमिक विद्यालय , घाघरा मध्य विद्यालय, तरतरा व मध्य विद्यालय, इचापिड़ में लोगों को कोरोना का टीका लगाया जाएगा.










